गुटनिरपेक्ष आन्दोलन की उपलब्धियाँ इस प्रकार है।

डॉ. कृष्णा कुदेशिया ने अपनी पुस्तक ‘ विश्व राजनीति में भारत ‘ में गुटनिरपेक्षता का उल्लेख करते हुए लिखा है कि ‘‘गुटनिरपेक्षता का अर्थ तटस्थता नहीं है क्योंकि भारत ने अपने आपको संकुचित सीमाओं में बांधकर नहीं रखा है और न न्यायपूर्ण परिस्थिति में किसी गुट विशेष का समर्थन करने से बचता है। उसकी यह गुटनिरपेक्षता की नीति उपदेशात्मक नकारात्मक तटस्थता एवं अप्रगतिशील नीति नही है इसका अर्थ यह है कि जो सकारात्मक है अर्थात सही और न्यायसंगत है उसकी सहायता और समर्थन करना तथा जो अनीतिपूर्ण है उसकी आलोचना और निंदा करना है।’’ 

जॉर्ज श्वार्जनवर्गर के मतानुसार गुटनिरपेक्षता को छ: धारणाओं से भिन्न रखा जा सकता है-
  1. अलगाववाद: ऐसी नीतियों का समर्थन करना जिनसे राष्ट्र विश्व राजनीति में कम से कम भाग ले तथा बिल्कुल अलग रहे। 
  2. अप्रतिबद्धता: किन्हीं दो अन्य शक्तियों से समान संबंध रखते हुए उनमें से किसी एक के साथ पूरी तरह से प्रतिबद्ध न होना। 
  3. तटस्थता: यह वह कानूनी एंव राजनीतिक स्थिति है जो युद्ध के दौरान दोनों राष्ट्रों में से किसी के भी साथ युद्ध में संलग्न होने की अनुमति नही देती। 
  4. एक पक्षवाद इसका तात्पर्य है कि प्रत्येक देश नि:शस्त्रीकरण आदि नीतियों को अपनाना चाहिए। साथ ही यह ध्यान रखना चाहिए। कि अन्य देश भी ऐसा करते है या नहीं। 
  5. असंलग्नता: विभिन्न परस्पर विरोधी विचारधाराओं के बीच हो रहे संघर्षो से उत्पन्न खतरों से बचने के लिए तथा अलग रहने के लिए यह नीति अपनाई जाती है। 
  6. तटस्थीकरण देश हमेशा के लिए तटस्थ है अपनी तटस्थीकृत स्थिति को कभी नही छोड सकता। गुटनिरपेक्षता इन सभी छ: धारणाओं से भिन्न है वस्तुत: यह मैत्री संधियों अथवा गुटों से बाहर रहने की नीति है।
‘‘यह स्वतंत्र विदेश नीति एवं तटस्थता एक ही बात नही है। अगर कभी कही भी युद्ध होता है तो इस नीति की आवश्यकता होगी कि वह स्वतंत्रता एवं शांति के लिए सहयोग दे। स्वतंत्र विदेश नीति का मतलब यह है कि भारत पहले से अपने आपको किसी भी गुट के साथ समझौते द्वारा संबंद्ध नही करना चाहता और न ही किसी भी दशा में अपनी स्वतंत्रता खोना चाहता है।’’ - अप्पादोराई इससे यह स्पष्ट हो जाता है कि गुटनिरपेक्षता शांति तथा स्वतंत्रता की नीति है। इसके द्वारा युद्ध रोके जा सकते है। युद्ध की स्थिति में भारत इस नीति का उपयोग शांति स्थापना के लिए करता है।

गुटनिरपेक्षता को दूसरे शब्दों में परिभाषित करते हुए कहा जा सकता है कि गुटनिरपेक्ष वे देश माने जा सकते है जो सैनिक गुटों के सदस्य न हो, युद्ध का समर्थन न करने वाले, स्वाधीनता के समर्थक, स्वतंत्र विदेश नीति आदि का पालन करते हों।

गुटनिरपेक्ष नीति अपनाने के कारण

1. गुटनिरपेक्षता राष्ट्र हितों के अनुरूप - भारत यह नही चाहता था कि वह किसी गुट में शामिल होकर दूसरे गुट को अपना शत्रु बना ले। समस्त देश उससे मैत्री की कामना करते है तो वह सभी देशों से मैत्री का कामना करता है। साथ ही इस समय किसी गुट में शामिल होना भारत के राष्ट्रीय हितों के अनुकूल नहीं था। 

2. विश्व शान्ति की इच्छा - भारत की स्वतंत्रता के समय दुनिया दो गुटों में बट चुकी थी। दूसरे विश्व युद्ध को समाप्त हुए कुछ ही समय (2वर्ष) हुए थे अमेरिका तथा सोवियत रूस में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। शीत-युद्ध प्रारंभ हो गया था। भारत इस तनाव में नही पडना चाहता था । वह समान रूप से दोनों गुटों से मित्रता का वातावरण बनाना चाहता था।

3. विदेशी सहायता की आवश्यकता - स्वतंत्रता के समय भारत पिछड़ा हुआ देश था। अंग्रेजी राज्य के शोषण के कारण भारत को आर्थिक पुर्ननिर्माण की भारी आवश्यकता थी। भारत की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए पंचवष्रीय योजनाएं बनानी पड़ी। इन योजनाओं को चलाने के लिए भारत को अधिक धन की आवश्यकता थी, विदेशी सहायता के बिना इनको चलाना असंभव था। हालाकि भारत की स्थिति सुधरती चली गई और आंतरिक साधन जुटा लिए गये।

4. भारत की भौगोलिक स्थिति - गुटनिरपेक्षता को अपनाने के लिए वाध्य करती है। भारत पश्चिमी गुट के साथ सैनिक गुटबंदी नही कर सकता क्योंकि पश्चिम विरोधी दो प्रमुख शक्ति शाली साम्यवादी देशों की सीमायें भारत की सीमाओं के पास है एक तरफ चीन तथा दूसरी और सोवियत रूस, अगर भारत ने पश्चिमी खेमे में शामिल होकर रूस की सहानुभूति खो दी तो यह निश्चित रूप से अहितकर होगा।

5. घटनाओं का निष्पक्ष तथा स्वतंत्र मूल्ल्यांकन - भारत किसी भी गुट का पिछलग्गू बनकर नहीं रहना चाहता था। और न ही स्वतंत्र निर्णय की शक्ति को खोना चाहता था। हमारी प्राचीन परम्परानुसार हम बड़ी साम्राज्य वाली शक्तियों का विरोध करते है। और शोषित देशों का साथ देना तथा उनकी स्वतंत्रता की मांगो का समर्थन करना तथा निष्पक्ष रूप से अन्तर्राष्ट्रीय क्षेत्र में निर्णय लेना हमारे आदर्श है।

6. अन्र्तराष्ट्रीय क्षेत्र में स्वतंत्र व्यक्तित्व का विकास हो मान - सम्मान बड़े यह भारत की इच्छा रही है। अन्र्तराष्ट्रीय क्षेत्र में गतिरोधों को दूर करने, गुटों के मतभेदों को बढ़ाने की बजाय उनकों दूर करने का भरसक प्रयत्न करना तथा विश्व-शान्ति की वृद्धि में योगदान आदि कार्य भारत ने प्रमुख रूप से किये।

गुट निरपेक्षता को प्रोत्साहित करने वाले कारक

1. स्वतंत्र विदेश नीति का संचालन - आज अधिकतर राष्ट्र गुटनिरपेक्षता की नीति को अपनाने के लिए बाध्य है। क्योंकि राष्ट्र अपने आपको स्वतंत्र शक्ति के रूप में देखना चाहते है। आज कोई भी राष्ट्र किसी बड़ी शक्ति के उपग्रह के समान स्थिति में नहीं है। और न ही किसी राष्ट्र की अंगुलियों पर नाचने को बाध्य है। आज हर राष्ट्र में स्वतंत्र विदेश नीति का संचालन करने की ललक बनी हुई है।

2. सैनिक गुटों से पृथक रहना - द्वितीय विश्व युद्ध समाप्त होने के पश्चात विश्व दो गुटों में बंट चुका था। दोनों गुटों ने अपने-अपने सैनिक गुटों को माध्यम बनाया। अमेरिका तथा रूस दोनों से अलग अस्तित्व बनाये रखने के लिए गुटनिरपेक्ष एक तृतीय शक्ति के रूप में उभरा। 1945-50 की अवधि में अत्याधिक अफ्रो-एशियाई देश स्वतंत्र हुए थे ये देश आर्थिक स्थिति से कमजोर थे जो संभलने के लिए समय चाहते थे। और वे इस चक्रव्यूह में नहीं फंसना चाहते थे। वे गुटनिरपेक्षता की नीति पर चलकर विश्व-राजनीति में अपना स्वतंत्र अस्तित्व बनाना चाहते थे।

3. शीत युद्ध - 1945 के बाद दुनिया के दोनों गुटों में (अमेरिका और सोवियत रूस) में मतभेद की स्थिति बन गयी। यह स्थिति तीव्र तनाव, वैमनस्य, और मनमुटाव के कारण इतनी गम्भीर हो गई कि वे एक-दूसरे पर कटु बाग्वाणों की वर्षा करने लगे। यह लड़ाई कोई अस्त्र-शस्त्र तथा बारूद, गोलों से लड़ी जाने वाली लड़ाई नही थी, बल्कि यह अखबारों (कागज) से लड़ी जाने वाली लड़ाई थी, अखबारों में एक दूसरे देश की आलोचना, वैमनस्यता से पूर्ण बातें अखबारों में दिन-प्रतिदिन पढ़ने को मिलती थी, इससे एक दूसरे देश के प्रति कटुता की भावना बढ़ती जाती थी। जो शीत-युद्ध कहलाया। इस समय स्वतंत्र हुए राष्ट्रों ने किसी का समर्थन न करते हुए पृथक रहने का निर्णय किया। शीत युद्ध से अलग राष्ट्रों की जो नीति थी वह असंलग्नता की नीति थी अर्थात गुटनिरपेक्षता की नीति।

4. आर्थिक कारक - अधिकांश देश इस समय जो गुटनिरपेक्षता की नीति पालन कर रहे थे वे ज्यादातर गरीब देश थे। उनके पास पूंजी तथा तकनीकी कौशल की कमी थी। इससे इन देशों के मध्य पूंजी प्राप्त करने के लिए कोई रास्ता नहीं था। अगर एक गुट में जाकर मिल जाए तथा पूंजी प्राप्त हो जाए तो दूसरी तरफ स्वतंत्रता छिन जाने का डर था। चूंकि अधिकांश राष्ट्र अपना अलग स्वतंत्र अस्तित्व चाहते थे। इसलिए उन्होनें गुटनिरपेक्षता की राह चुनी।

5. मनोवैज्ञानिक विवशता - नवोदित राष्ट्रों के गुटनिरपेक्षता की नीति अपनाने के पीछे उनका कारण भावात्मक एवं मनोवैज्ञानिक विवशता थी। उन्होनें महसूस किया था कि विशिष्ट प्रश्न या स्थिति के संदर्भ में अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत करना पड़े या कार्यवाही करनी पड़ जाए तो अच्छी तरह से प्रमाणित कर सकते है।

गुटनिरपेक्षता की उपलब्धियाँ

गुटनिरपेक्ष आन्दोलन का प्रथम शिखर सम्मेलन वेलग्रेड में 1961 ई. में हुआ था। जिसमें 25 राष्ट्रों ने भाग लिया। 1998 में डरबन में आयोजित 12 वें शिखर सम्मेलन में 115 देशों ने भाग लिया था। इस प्रकार गुटनिरपेक्ष आन्दोलन में सदस्यों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। अब यह आन्दोलन अन्तरराष्ट्रीय आन्दोलन बन चुका है एवं कार्य क्षेत्र में भी बढ़ोत्री हुई है। गुटनिरपेक्ष आन्दोलन की उपलब्धियाँ इस प्रकार है।

1. नि:शस्त्रीकरण - अस्त्र-शस्त्र को नियंत्रित करने की नीति तथा नि:शस्त्रीकरण हथियारों के प्रयोग पर रोक लगाने की नीति अधिकांश देशों ने अपनाई परंतु उन्हें एकदम सफलता तो हाथ नहीं लगी परन्तु उन देशों को यह नहीं भूलने दिया कि विश्व-शान्ति को बढ़ावा देने के लिए अस्त्र-शस्त्र बढ़ाने की वे लगाम दौड़ कितनी खतरनाक है। गुटनिरपेक्षता की नीति को अपनाने वाले भारत को इस बात पर संतोष हुआ कि उसने अप्रैल 1954 में जिन न्युक्लीय शस्त्रों के परीक्षण पर प्रतिबंध लगाने का जो प्रस्ताव रखा था 1963 में वह आंशिक रूप से संधि के माध्यम से फलीभूत हुए। ‘‘आन्दोलन से शान्ति का मार्ग प्रशस्त हुआ ही है साथ ही मानव प्रतिष्ठा और समानता का निर्माण भी हुआ है।’’

2. गुटनिरपेक्षता को दोनों गुटों द्वारा मान्यता -  गुटनिरपेक्षता को प्रारंभ में कठिनाई से जूझना पड़ा, कि देशों को कैसे समझाया जाए कि गुटनिरपेक्षता क्या है अन्र्तराष्ट्रीय स्तर पर इसे कैसे मान्यता दिलाई जाए दोनों गुट पश्चिमी एवं पूर्वी गुट यह समझते थे कि गुटनिरपेक्षता कुछ हद तक ठीक है। दोनों गुटों का गुटनिरपेक्षता पर विश्वास भी कम था परन्तु यह बात भी सच है कि कुछ गुटनिरपेक्ष राष्ट्र कहीं न कहीं तथा किसी न किसी प्रकार से अप्रत्यक्ष रूप से किसी गुट में सम्मिलित है। उनका मानना था कि गुटनिरपेक्षता एक दिखावा है और दो गुटों के अलावा तीसरा रास्ता नही है। धीरे-धीरे दोनों गुटों के दृष्टिकोण में परिवर्तन आया और गुटनिरपेक्षता को मान्यता मिलना शुरू हो गई। 1956 ई. में सोवियत संघ में कम्यूनिष्ट पार्टी की 20 वीं कांग्रेस ने पहली बार यह स्वीकार किया कि गुटनिरपेक्ष देश सचमुच स्वतंत्र है और यह भी अनुभव किया कि विश्व की समस्याओं के बारे में सोवियत संघ तथा गुटनिरपेक्ष देशों के समान विचार है। वहीं दूसरी ओर पश्चिमी गुट ने भी गुटनिरपेक्ष नीति को मान्यता दी और गुटनिरपेक्ष देशों में गुटबद्ध देशों के मन का भ्रम अलग करने के लिए इस नीति के प्रति सद्भावना और सम्मान का वातावरण पैदा करने में जो प्रयास किये और सफलता प्राप्त की वह वास्तव में सराहनीय कार्य है।

3. संयुक्त राष्ट्रसंघ के स्वरूप को रूपांतरित करना -  गुटनिरपेक्ष राष्ट्रों ने गुटनिरपेक्षता की नीति द्वारा संयुक्त राष्ट्रसंघ को कुछ दृष्टियों से हमेशा-हमेशा के लिए रूपांतरित करने में सहायता दी है। संयुक्त राष्ट्रसंघ ने एक तो संख्या के आधार पर तथा दूसरे शीत युद्ध में अपनी तटस्थ दृष्टि के कारण छोटे राष्ट्रों के मध्य शांति स्थापित करने के लिए ऐसे संगठन बनाने में सहायता दी जिसमें छोटे राष्ट्र बड़े राष्ट्रों पर नियंत्रण रख सके। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र संघ की महासभा के महत्व को बड़ा दिया, जिसमें सभी सदस्यों का बराबर प्रतिनिधित्व होता है तथा सुरक्षा परिषद का महत्व कम कर दिया। उसकी मूल संकल्पना विश्व संगठन के सबसे महत्वपूर्ण अंग के रूप में की गई।

4. उन्मुक्त वातावरण का निर्मार्ण - नव स्वतंत्र राष्ट्रों को महान शक्तिशाली राष्ट्र शक्तियों के चंगुल से बचाने के लिए तथा स्वतंत्र वातावरण का अस्तित्व बनाए रखने के लिए गुटनिरपेक्षता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गुटबंदी की विश्व राजनीति ने दमघोटु राष्ट्र समाज में गुटनिरपेक्षता की नीति एक शुद्ध हवा का झोंका लेकर आयी। यह ताजी हवा थी खुले समाज के गुणों की, मुक्त एवं खुली चर्चा के वरदान की, तीव्र मतभेद और रोष के समय खुले रास्ते रखने के महत्व की शीतयुद्ध के कारण जो अनुदारताएॅ और विकृतियाँ पैदा हो गई थी गुटनिरपेक्ष राष्ट्रों ने उन्हें दूर करने का अथक प्रयास किया। और विश्व समाज एक खुला समाज बन गया।

5. शीत युद्ध को शस्त्र युद्ध के रूप में बदलने से रोकना - गुटनिरपेक्ष देशों ने दोनों गुटों (अमेरिका तथा सोवियत रूस) के मध्य तालमेल बिठाने के लिए तथा दोनों के मतभेदों को दूर करने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद शीत युद्ध की स्थिति बनी हुई थी। स्थिति कुछ ऐसी ही बनती जा रही थी कि तृतीय विश्व युद्ध भी हो सकता था। परन्तु गुटनिरपेक्ष देशों ने दोनों गुटों में सद्भावना का भाव पैदा कर शीत-युद्ध को अस्त्र-शस्त्र के युद्ध से बचा लिया।

6. विकासशील राष्ट्रो के बीच आर्थिक सहयोग की बुनियाद - विकासशील राष्ट्रों के मध्य आर्थिक सहयोग की बुनियाद रखने में गुटनिरपेक्ष राष्ट्रों को सफलता मिली। 20 अगस्त 1976 के कोलम्बो शिखर सम्मेलन में आर्थिक घोषणा पत्र स्वीकार किया गया जिसका मुख्य आधार यह था कि गुटनिरपेक्ष राष्ट्रों के बीच अधिकाधिक आर्थिक सहयोग हो इस सम्मेलन में तकनीकी, व्यापार, मुद्रा प्रणाली में आमूल-चूल परिवर्तन आदि पर महत्व दिया गया।

7. राष्ट्रीय प्रकृति के अनुरूप विकास के प्रतिमान - दोनों गुटों द्वारा गुटनिरपेक्ष देशों पर थोपे जाने वाले आदर्शो का विरोध किया साथ ही अपनी राष्ट्रीय प्रकृति के अनुसार विकास के अपने राष्ट्रीय सांचो और पद्धतियों का अविष्कार किया। इस तरह भारत ने अपने समाज के समाजवादी ढांचे का अविष्कार किया।

8. विश्व राजनीति में संघर्षों को टालना - गुटनिरपेक्षता के कारण कुछ विकट संघर्ष टल गए। तृतीय विश्व युद्ध की आशंका समाप्त हो गई, साथ ही अन्य संकटों का समाधान भी हो गया। न्युक्लीय अस्त्रों का दशक भी इस खतरनाक संकट से बच गया इस प्रकार गुटनिरपेक्षता ने अन्र्तराष्ट्रीय शान्ति और सुरक्षा बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। दोनों गुटों की जो योजनाएं थी उनको धीरे-धीरे नष्ट कर विश्व के अन्य देशों को भी दो गुटों में शामिल करने से रोक दिया। विकासशील देशों ने विकसित देशों को शांति, सहयोग, सद्भावना पूर्ण जीवन बिताने का सबक सिखाया। गतिरोध घोर अंधविश्वास और दोनों गुटों का सम्पर्क टूट जाने की स्थितियों में गुटनिरपेक्ष राष्ट्रों ने न केवल संयम से काम लेने की सलाह दी बल्कि युद्ध विराम के अवसरों पर अपने सद्प्रयत्न मध्यस्थता और शान्ति सेनाए भी जैसे कोरिया, स्वेज, सेनाएं प्रस्तुत कर दी।
इस प्रकार गुटनिरपेक्ष आन्दोलन ने विश्व-शान्ति, आर्थिक सहयोग, शीतयुद्ध के समय शान्ति बनाए रखने, नि:शस्त्रीकरण, आदि में महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की और सफलता भी मिली।

गुटनिरपेक्षता की सदस्यता शर्तें

जून 1961 में काहिरा में 21 राष्ट्रों की बैठक में गुटनिपेक्षता की सदस्यता के संबंध में पाँच मानदण्ड निर्धारित किये गये। आपसी परस्पर विरोधी मत व्यक्त किये जाने के बाद मानदण्डों में काफी समझौता करना पड़ा। 1961 ई. के वेलग्रेड सम्मेलन का निमंत्रण भेजने के लिए उन देशों की एक समिति बनाई जिन्होंने काहिरा की बैठक में भाग लिया था और इसका काम उन्हीं पर सौंप दिया। ये मानदण्ड (शर्ते) निम्न लिखित थी -
  1. किसी भी गुटनिरपेक्ष देश के लिए स्वाधीन नीति का अनुसरण करना आवश्यक नहीं है इस नीति के पक्ष में जितना कर सके उतना ही ठीक हैं। 
  2. निरन्तर राष्ट्रीय स्वाधीनता के लिए आन्दोलनों का समर्थन प्रदान करना चाहिए। किस हद तक और किस रूप में यह निश्चित नहीं है। 
  3. यह मानदण्ड सैनिक गुटबन्धनों की सदस्यता से सम्बन्धित है। अर्थात् गुटनिरपेक्ष बनने के लिए उस देश को सैनिक गुटों का सदस्य नहीं होना चाहिए। 
  4. यदि किसी द्विपक्षीय संधि समझौता है तो यह बात ध्यान में रखनी होगी कि वह जानबूझकर बड़ी शक्ति के संदर्भ में नहीं होनी चाहिए यह चौथा एवं पांचवा मानदण्ड था।
इन सब मानदण्डों से निष्कर्ष निकलता है कि गुटनिरपेक्षता की सदस्यता वही देश ग्रहण कर सकते है जो अमेरिकी तथा सोवियत रूस गुट का सदस्य नही हो। डॉ. वेदप्रताप लिखते है ‘‘इस आन्दोलन के समक्ष सबसे बड़ी समस्या यह है कि उसके पास अपने नाम की कोई व्यवस्थित परिभाषा नहीं है। आज गुटनिरपेक्ष आन्दोलन को लगभग 45-50 साल हो चुके है, परन्तु आज तक कोई सर्वमान्य परिभाषा नही है। जब परिभाषा की बात आती है, तो इतिहासकार नेहरू, नासिर, मार्शल टीटो के भाषणों को ही उद्धत करते रहते है। कोई भी राष्ट्र इसकी परिभाषा नही दे पा रहा है।

कुछ राष्ट्र तो इसकी परिभाषा को पर्दे के पीछे रखना चाहते है क्योंकि उन्हें इसकी सदस्यता ग्रहण करने के लिए कोई समस्या उत्पन्न न हो इसमें वे राष्ट्र भी शामिल हो जाए जिन्होंने अपनी जमीन पर सैनिक अड्डे बनाने के लिए जगह दी, इसमें वे राष्ट्र भी शामिल हो जाए जिन्होने दोनों गुटों में से किसी के साथ समझौता कर रखा हो, इसमें वे राष्ट्र भी आ जाए जो अस्त्र-शस्त्र की दौड़ में लगे है, इसमें वे राष्ट्र भी आ जाए जिन्होंने अपनी आर्थिक, राजनैतिक स्वाधीनता को शक्ति राष्ट्रों को गिरवी रख दिया है। यही कारण है कि आज तक परिभाषा को स्पष्ट स्वरूप नहीं दिया गया। अतंत: गुटनिरपेक्ष आन्दोलन परिभाषा विहीन बनकर चरित्रहीन की व्यूहरचना में फंस कर रह गया है।

गुटनिरपेक्षता के समक्ष चुनौतियाँ

गुटनिरपेक्षता की प्रभावशीलता दिन-प्रतिदिन बड़ती जा रही हैं प्रारंभ में बेलग्रेड सम्मेलन में 25 सदस्य राष्ट्र थे परन्तु आठवें शिखर सम्मेलन तक इनकी सदस्य संख्या बढ़कर 101 हो गई। आज गुटनिरपेक्ष आन्दोलन के सदस्य राष्ट्रसंघ के दो तिहाई सदस्य है और यह 4 महाद्वीपों के देशों का प्रतिनिधित्व करता है। एशिया, अफ्रीका, यूरोप और लेटिन अमेरिका आदि को आज भी अनेक चुनौतियों से गुजरना पड़ रहा है। वे चुनौतियां है -

1. आर्थिक पिछड़ा़पन :- गुटनिरपेक्ष राष्ट्र आर्थिक दृंिष्ट से पिछड़े हुए है आर्थिक दृष्टि से पिछड़े हुए इन राष्ट्रों को अपनी आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए बड़े-बड़े राष्ट्रों पर निर्भर रहना पड़ता है। और ये महाशक्तियां छोटे राष्ट्रों को लालच देकर इनका शोषण करती है और अपने गुटों में सम्मलित करने का लालच देती है। 

2. सैनिक दबाव :- विश्व-शक्तियां गुटनिरपेक्ष देशों पर दबाव डालती है। वे अपने प्रभाव क्षेत्र को बढ़ाने के लिए गुटनिरपेक्ष राष्ट्रों को सैनिक गुटों के माध्यम से घेरने का कार्य करती है और उन्हें अपने गुटों में मिला लेती है। 

3. गुटनिरपेक्ष देशों में अस्थिरता :- महाशक्तियां गुप्तचरों के माध्यम से इन राष्ट्रों में अस्थिरता लाने का प्रयास करती है। अमेरिका सरकार ने क्यूबा राष्ट्र में सी.आई.ए. के माध्यम से फिदेल सरकार को गिराने की बार-बार कोशिश की चिली के राष्ट्रपति एलेण्डे की हत्या का मामला भी सी.आई.ए. के हाथ था।

4. गुटनिरपेक्ष विरोधी राष्टा्रों की संख्या में वृद्धि :- गुट निरपेक्षता के समक्ष यह भी एक समस्या उत्पन्न हो रही है कि एक तरफ कुछ देश गुट निरपेक्ष है वही दूसरी ओर अपने सैनिक गुट बनाने में तथा दोनों गुटों में से किसी न किसी गुट का समर्थन करने में लगे हुए है। इससे स्पष्ट होता है कि गुटनिरपेक्ष विरोधी तत्व मौजूद है। 

5. नैतिकता - यह आन्दोलन एक नैतिक आन्दोलन है न कि शस्त्रों द्वारा शांति स्थापित करने का आन्दोलन। गुटनिरपेक्ष आन्दोलन एक अपील जैसा लगता है यह आक्रमण प्रतिरोध नहीं कर सकता। गुटनिरपेक्ष देशो में केवल 57 देशों ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 14 जनवरी 1980 के उस प्रस्ताव में मतदान किया जिसमें अफगानिस्तान से सोवियत सेनाओं की वापसी की मांग की गयी थी 9 गुटनिरपेक्ष देशों ने प्रस्ताव का विरोध किया और 24 ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया। 

6. पारस्परिक वैमनस्य - गुटनिरपेक्ष देशों में आपसी वैमनस्य की भावना बड़ती जा रही है। इसका प्रमुख कारण है कि संगठित न होना। उदाहरण के लिए भारत और बाग्लादेश एक और तो गुटनिरपेक्ष देश है परन्तु कोलंबो में गंगा जल के बटवारे को लेकर दोनों ने यह साबित कर दिया कि उनमें आपसी वैमनस्य की भावना तथा तनाव उत्पन्न हो रहे है। इस प्रकार हम कह सकते है कि गुटनिरपेक्ष आन्दोलन के समक्ष अनेक चुनौतियां है ।

गुटनिरपेक्ष आन्दोलन की आलोचना

1. अवसरवादिता की नीति - पश्चिमी आलोचकों ने इसे अवसरवादी तथा काम निकालने वाली नीति कहा है। गुटनिरपेक्ष देश दोहरी कसौटी का प्रयोग करते है वे साम्यवादी और गैर साम्यवादी गुटों से अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करने का और जिसका पलड़ा भारी हो उसकी ओर मिल जाने का रास्ता बना लेते है। 

2. अव्यवहारिकता - आलोचक इस नीति को सिद्धान्त में जितना उपयुक्त मानते है। व्यवहार में उतनी ही भिन्न है। इसमें सैद्धान्तिक गुण कितने भी क्यों न हो व्यवहारिक न होने से यह असफल हो जाती है। अत: कहा जाता है कि जहां सिद्धान्त के धरातल पर इस नीति ने स्वाधीनता प्राप्त की है वही व्यवहार के धरातल पर नीति ने उसको निभाया नहीं है। 

3. बाह्य्य निर्भरता - गुटनिरपेक्ष देशों की एक विफलता यह बतायी जाती है कि वे बाहरी आर्थिक और रक्षा सहायता पर बेहद निर्भर है। ये राष्ट्र दोनों गुटों से सहायता प्राप्त करने की स्थिति में थे । इसलिए उन्होंने इतनी भारी आर्थिक और रक्षा सहायता लेने का रास्ता निकाल लिया कि वे आज सहज सामान्य कार्य-निर्वाह के लिए भी इस सहायता पर आश्रित हो गये है। 

4. संकुचित नीति - गुटनिरपेक्ष नीति का दायरा बहुत ही सीमित है। यह नीति गुटों के आसपास घूमती है। गुटों से बाहर क्रियाशील होने की कल्पना इस अवधारणा में है ही नहीं। महाशक्ति गुटों की राजनीति पर प्रतिक्रिया करते रहना ही इस नीति का मुख्य लक्ष्य बन जाता है या तो गुटों के आपसी झगड़ों में पंच बनने की कोशिश करना या दोनों से अलग रहते हुए एक के केवल इतने समीप जाने का प्रयत्न करना कि दूसरा बुरा न माने यदि दूसरे के बुरा मानने का डर हो तो पहले से नापतौल कर दूर हटना या बारी-बारी से पास जाना यही गुटनिरपेक्षता की शैली रही है। 

5. दिशा हीन आन्दोलन - आलोचकों का कहना है कि गुटनिरपेक्ष आन्दोलन में सद्भावना पूर्ण वातावरण पैदा कर पाना तो दूर की बात है यह अपने आप में विखरता जा रहा है। 1979 के हवाना आन्दोलन से स्पष्ट हो गया था कि यह आंदोलन तीन खेमों में बंट गया था। एक में क्यूबा, अफगानिस्तान, वियतनाम, इथोपिया, यमन जैसे रूस परस्त देश हैं तो दूसरे खेमें में सोमालिया, सिंगापुर, जायरे, फिलीपीन्स, मोरक्को, मिश्र आदि अमरीकी परस्त देश हैं। तीसरे खेमें में भारत, यूगोस्लाविया और श्रीलंका जैसे देश हैं। इस बात से साबित होता है कि आन्दोलन की अपनी कोई दिशा नहीं रह गई है। 

6. बुनियादी एकता का अभाव : आलोचकों का मत है कि गुट निरपेक्ष राष्ट्रों में बुनियादी एकता नहीं पायी जाती और वे एक-दूसरे की सहायता करने की भी कोई ठोस योजना नहीं बना सके हैं। गुट निरपेक्ष देश एक दूसरे का शोषण करने में बाज नहीं आते। अपनी जीवन पद्धतियों की रक्षा के लिये गुटनिरपेक्ष देश कोई संयुक्त रणनीति नहीं बना पाये हैं। 

7. राजनीतिक नीति : आलोचक इसे ऊध्र्वमूल नीति कहते हैं। ऐसी नीति जिसकी जड़े ऊपर हैं नीचे नहीं। राष्ट्रहित उसके केन्द्र में नहीं है उसमें राष्ट्रहित हो जाए यह अलग बात है। उसमें नेतागिरी की भावना है। इसकी नेतागिरी दुनिया के मंचों पर चमकनी चाहिये। 

8. असुरक्षित नीति : आलोचकों का मानना है कि हम गुटनिरपेक्षता को सुरक्षित नीति मानते हैं। यदि वे विशाल रक्षा व्यवस्था की बात करते हैं तो उनकी गुटनिरपेक्षता सुरक्षित नहीं रह जायेगी, और यदि वे बाहर किसी देश या गुट से सहायता मांगते हैं तो उनकी यह सुरक्षा व्यवस्था शुद्ध नहीं होगी। 1962 के चीन आक्रमण ने भारत के लोगों को यह आभास करा दिया है कि वर्तमान राष्ट्र समाज में जो सर्वथा आदर्श नहीं है।कोई भी चीज किसी देश की सुरक्षा को प्रमाण नहीं हो सकती। 

9. मूल्य रहित नीति : गुटनिरपेक्षता कोई विचारधारा तथा सिद्धांत नहीं है। आलोचकों का ऐसा मानना है गुटनिरपेक्ष देशों में एक ओर जहां लोकतंत्रात्मक देश है वहीं दूसरी ओर राजतंत्रात्मक देश भी है। कम्यूनिष्ट तथा सैनिक गुटों वाले देश भी इसमें रहे हैं आज कई राष्ट्रों में आपसी तनाव ने युद्ध का स्वरूप धारण कर लिया है। नेहरू के नेतृत्व में गुटनिरपेक्षता पर जो नैतिक मूल्य आरोपित करने की कोशिश भारत ने की थी वह एक मृदमरीचिका के अलावा कुछ नहीं थी। इस तथाकथित मूल्यों पंचशील, निरस्त्रीकरण, आदि का गुटनिरपेक्ष राष्ट्रों ने समय-समय पर उल्लंघन करके यह सिद्ध किया कि गुटनिरपेक्षता एक साधारण नीति मात्र है।

गुटनिरपेक्ष आंदोलन की स्थापना के प्रति विश्व के राष्ट्रों का दृष्टिकोण

1. गुटनिरपेक्ष आन्दोलन पर अमेरिका का दृष्टिकोण -‘‘मैं निर्गुट आन्दोलन का प्रशंसक नहीं हूं क्योंकि यह सही मायने में निर्गुट आन्दोलन नहीं है।’’ अन्र्तराष्ट्रीय स्तर पर उसे जितनी परेशानियां सोवियत संघ या चीन से नहीं हुई उतनी उसे अपने ही निर्गुट राष्ट्रों से हुई है। इसमें अधिकांश देश समाजवादी तथा विकासशील देश हैं जो अमेरिका के खिलाफ एकजुट हैं। अधिकांश निर्गुट राष्ट्र 80 प्रतिशत मसलों पर अमेरिका के खिलाफ मतदान करते हैं।इस आन्दोलन को व्यवस्थित तथा सही मायने में निर्गुट बनाने में अभी बहुत समय लग जायेगा।

2. गुटनिरपेक्ष आन्दोलन एवं सोवियत संघ - रूस सदा तृतीय विश्व के देशों का समर्थक रहा है। कास्त्रों जो 1979 में गुटनिरपेक्ष आन्दोलन के अध्यक्ष थे उन्होंने एक अवधारणा में तो यह तक कह दिया कि ‘‘सोवियत रूस की गुटनिरपेक्ष आन्दोलन से स्वाभाविक सम्बद्धता है’’ अत: इस आन्दोलन को साम्राज्यवादी पश्चिमी गुट तथा साम्राज्य विरोधी सोवियत गुट के समान दूरी के बनावटीपन से मुक्त होकर सोवियत रूस की आन्दोलन के साथ स्वाभाविक सम्बद्धता को स्वीकार करना चाहिये।

Post a Comment

Previous Post Next Post