अरविन्द घोष के राजनीतिक विचार



अरविन्द घोष एक सच्चे राष्ट्रवादी थे। उनकी इच्छा थी कि भारत को अतिशीघ्र ही स्वतन्त्रता मिलनी चाहिए। उनके चिन्तन का मुख्य ध्येय अधिक व्यक्तियों के सुख की बजाय सभी का अधिकतम हित था। उन्होंने गीता, वेदों, उपनिषदों से ज्ञान प्राप्त करके ऐसी विधियों की खोज की जो भारत को स्वतन्त्रत कराने में अहम् भूमिका निभा सकती थी। इसलिए उनकी राष्ट्रवादी विचारधारा आध्यात्मवाद पर आधारित थी। उन्होंने पांडिचेरी में आश्रम की स्थापना करने के बाद अपने राजनीतिक जीवन से संन्यास लेकर, वहां पर आध्यात्मवाद व योग की शक्ति के द्वारा भारत की आजादी के प्रयास जारी रखे। इसी कारण से उनके राजनीतिक विचारों में आध्यात्मवाद का पुट मिल गया और साधारण व्यक्ति के लिए अरविन्द घोष के राजनीतिक विचार को समझना कठिन हो गया। 

आध्यात्मवाद की ओर झुकाव होने के कारण उनकी क्रांतिकारी राष्ट्रवाद की भावना इतनी अधिक बदल गई कि उनका हर कार्य आध्यात्मवाद पर ही आधारित हो गया। उन्होंने जो कुछ भी कहा या लिखा, उसमें हमें आध्यात्मवाद के दर्शन अधिक होते हैं। अरविन्द घोष का जीवन अनेक पड़ावों से होकर गुजरा है जिसके आधार पर उनके राजनीतिक विचारों को समझा जा सकता है। उनके जीवन के तीन पड़ाव हैं-
  1. बड़ौदा नरेश की सेवा में रहना (1893 - 1905 तक)
  2. भारतीय राष्ट्रीय आन्दोलन में उग्रवादी के रूप में सक्रिय रहना (1906 . 1910 तक)
  3. पाण्डिचेरी में आध्यात्मवाद का ज्ञान प्राप्त करना (1911 . 1950 तक)
1893 में इंग्लैण्ड से वापिस आकर अरबिन्द ने बड़ौदा नरेश की सेवा की और गुप्त लेखों का प्रकाशन कराके राष्ट्रीय स्वतन्त्रता के लिए उग्र-विचारक के रूप में काय्र किया, इसी दौरान उन्होंने भारतीय कांग्रेस की उदारवादी नीतियों की आलोचना की और उनके द्वारा अपनाई जाने वाली विनय-पत्र, प्रार्थना, ज्ञान आदि विधियों की भी आलोचना की। उन्होंने उदारवादियों को कहा कि उन्हें अपने आत्मविश्वास और निडरता के बल पर भारत को स्वतन्त्र कराने के प्रयास करने चाहिए। उन्होंने बड़ौदा नरेश की सेवा में रहते हुए जतिन बैनर्जी के साथ मिलकर क्रान्तिकारी संगठन बनाने के प्रयास आरम्भ कर दिए और बंगाल की तरफ से राष्ट्रीय आन्दोलन में सक्रिय योगदान दिया। उन्होंने उग्र विचारधारा रखने वाले युवाओं को संगठित किया ताकि भारत को स्वतन्त्रता दिलाई जा सके। लेकिन अंग्रेजों की दमनकारी नीति के शिकार होने के कारण उनका स्वप्न अधूरा रह गया। इसके बाद वे आध्यात्मवाद के विकास व उसके द्वारा भारत को स्वतन्त्रता दिलाने के लिए प्रयास करने लगे। उन्होंने पांडिचेरी में आश्रम की स्थापना की, अब स्वदेशी बहिष्कार, निष्क्रिय प्रतिरोध का स्थान, उनके आध्यात्मवाद ने ले लिया और उन्होंने भौतिकवाद को आध्यात्मवाद से मिला दिया। 

अरविन्द घोष के राजनीतिक विचार

अरविन्द घोष के राजनीतिक विचारों की निम्न प्रकार से समझा जा सकता है-
  1. अरविन्द घोष के समाजवाद सम्बन्धी विचार
  2. अरविन्द घोष के स्वराज सम्बन्धी विचार
  3. अरविन्द घोष के राज्य सम्बन्धी विचार 
  4. अरविन्द घोष के अरबिन्द के स्वतन्त्रता सम्बन्धी विचार 
  5. मानवीय एकता का आदर्श 
  6. अरविन्द घोष के हिंसा सम्बन्धी विचार 
  7. अरविन्द घोष के कानून के सिद्धान्त सम्बन्धी विचार 
  8. अरविन्द घोष के सामाजिक सुधारों के सम्बन्ध में विचार 
  9. अरविन्द घोष के आध्यात्मिक राष्ट्रवाद का सिद्धान्त

1. अरविन्द घोष के समाजवाद सम्बन्धी विचार

अरविन्द घोष ने अपनी प्रसिद्ध पुस्तक ‘War and Self - determination’ में 1857 में स्पष्ट शब्दों में लिखा है-’’युद्ध ने दो प्रमुख प्रश्नों को जटिल बना दिया है-एक तो पूंजी और श्रम में बढ़ता हुआ संघर्ष और इनका एशियाई मामले। यूरोप में समाजवाद और पूंजीवाद खड़े हुए एक-दूसरे का मुंंह ताक रहे हैं। समाजवादी विचारधारा लोकप्रिय हो रही है। यह विचारधारा पश्चिम की तरफ मुड़ने में काफी समय ले सकती है तथा इसमें बहुत सुधार भी हो सकते हैं। श्रम आन्दोलन हर स्थान पर सुधारवादी रूप में समाजवादी बन रहा है। वर्तमान यूरोपीय सभ्यता जिसका आधार पूंजीवादी उद्योगवाद है, अपने राक्षसी रूप की चरम सीमा पर पहुंच चुकी है और यह ध्वस्त हो जाएगी। हमारा भविष्य तो समाजवादी समाज में सुरक्षित है।’’ अरबिन्द जी के इन विचारों से उनके समाजवादी दृष्टिकोण का पता चलता है। इससे स्पष्ट हो जाता है कि वे पूंजीवाद के विरोधी तथा समाजवाद के प्रबल समर्थक थे। उनका कहना था कि समाजवाद में प्रजातन्त्रीय सिद्धान्तों का ही पोषण होता है और व्यक्ति को विकास के भरपूर अवसर प्राप्त होते हैं।

2. अरविन्द घोष के स्वराज सम्बन्धी विचार

घोष का कहना था कि कांग्रेस पूर्ण स्वतन्त्रता की बजाय अंग्रेजी की न्यायप्रियता में ही विश्वास रखकर अपूर्ण स्वतन्त्रता की मांग की समर्थक है। वह अपना स्वतन्त्रता का लक्ष्य भूल चुकी है। वह भारत के लिए अधिराज्य (Dominion State) की मांग करती है। घोष ने इसका विरोध करते हुए भारत के लिए पूर्ण स्वतन्त्रता की मांग की, उन्होंने कहा कि ब्रिटिश नीतियां भारत के लिए कभी लाभकारी नहीं हो सकती। भारत का फायदा तो स्वयं की सरकार द्वारा बनाई गई नीतियों से ही हो सकता है। इसलिए स्वराज्य प्राप्ति के लक्ष्य को पूरा करना आवश्यक है। स्वतन्त्र भारत ही विश्व का आध्यात्मिक गुरु बन सकता है। इसलिए स्वराज्य ही हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। 

उन्होंने स्वराज्य की व्याख्या करते हुए लिखा है-’’स्वराज्य का हमारा विचार विदेशी नियन्त्रण से पूर्ण स्वतन्त्रता है। हम दावा करते हैं कि प्रत्येक राष्ट्र को अपने स्वरूप तथा आदर्शों के अनुसार अपने सामथ्र्य द्वारा अपने जीवन को जीने का अधिकार हो। अपनी श्रेष्ठता के आधार पर हमें अपनी विरासत से वंचित रखने या हमारी सभ्यता से घटिया सभ्यता हमारे ऊपर थोपने के विदेशी दावे को हम अस्वीकार करते हैं।’’ उन्होंने स्वराज्य की धारणा को आध्यात्मिक आवश्यकता बताते हुए आगे कहा है कि यदि भारत स्वतन्त्र न हो पाया तो विश्व भारत के आध्यात्मिक प्रकाश से वंचित रह जाएगा, इसलिए स्वराज्य ही हमारा प्राथमिक लक्ष्य होना चाहिए।

1. स्वराज्य प्राप्ति के साधन – घोष को पूर्ण स्वतन्त्रता प्राप्त करने के लिए कांग्रेस के उदारवादी कार्यक्रम में विश्वास नहीं था। उनका कहना था कि जब भारतीयों का अपना संविधान ही नहीं है तो संवैधानिक साधनों की चर्चा करना ही व्यर्थ है। इसलिए उन्होंने स्वराज्य प्राप्ति के लिए इन साधनों का समर्थन किया-
  1. सशस्त्र विद्रोह (Armed Rebellion)
  2. निष्क्रिय प्रतिरोध (Passive Resistance)
अरविन्द घोष अपने स्कूली जीवन में ही एक गुप्त क्रान्तिकारी संगठन के सदस्य बन गए थे। उन्होंने बड़ौदा नरेश की सेवा के दौरान भी क्रान्तिकारियों से सम्पर्क बनाया। इस दौरान उनका विश्वास था कि भारत की स्वतन्त्रता सशस्त्र विद्रोह करके ही प्राप्त की जा सकती है। लेकिन जब वे बड़ौदा रियासत को त्यागकर बंगाल में गए और वहां पर राष्ट्रवादियों का नेतृत्व किया तो उन्होंने विद्रोह के स्थान पर निष्क्रिय प्रतिरोध को स्वतन्त्रता प्राप्ति के लिए उत्तम साधन बनाया। कुछ विद्वानों का विचार है कि अरबिन्द का झुकाव बंगाल में ही आध्यात्मवाद की ओर हो गया था और उन्होंने सभी क्रान्ति पूर्ण हिंसक साधनों के स्थान पर आध्यात्म व योग के साधनों से भारत की स्वतन्त्रता के लक्ष्य को प्राप्त करने का सुझाव दिया था। 

उन्होंने 1903 में अपनी पत्नी को लिखे पत्र में कहा था-’’इस गिरी हुई प्रजाति का उद्धार करने के लिए मेरे पास शक्ति है। यह शक्ति शारीरिक या तलवार व बन्दूक की शक्ति नहीं है अपितु ज्ञान की शक्ति है।’’ लेकिन उन्होंने यह भी कहा है कि यदि स्वतन्त्रता प्राप्ति के अन्य साधन न हों तो हिंसात्मक साधनों से कोई परहेज नहीं करना चाहिए। उन्होंने स्वतन्त्रता के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए संगठित प्रतिरोध तथा स्वावलम्बन की भावना को सर्वोत्तम साधन माना है। उनका मानना था कि प्रार्थना सभाएं करने व ज्ञापन देने से स्वराज्य की प्राप्ति नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि हिंसा का सामना हिंसा से ही करके विरोधी को दबाया जा सकता है।

घोष ने निष्क्रिय प्रतिरोध का प्रयोग 1906 के बाद शुरू किया। अंग्रेजों के कोप का भाजन बनने से बचने के लिए उन्होंने अंग्रेजों की आलोचना में कुछ नरमी बरती और उसके स्थान पर निष्क्रिय प्रतिरोध का साधन अपनाया। इसके तहत उसने ब्रिटिश न्यायालयों का बहिष्कार, सरकारी पदों का बहिष्कार तथा सामाजिक बहिष्कार को शामिल किया। उन्होंने यह भी कहा कि यदि अंग्रेज सरकार निष्क्रिय प्रतिरोध को कुचलने के लिए किसी हिंसक साधन का प्रयोग करती है तो निष्क्रिय प्रतिरोध के समर्थकों को भी उसी साधन का प्रयोग करना चाहिए। इस प्रकार उन्होंने गांधी से अलग दृष्टिकोण का परिचय देते हुए निष्क्रिय प्रतिरोध को सत्याग्रह से श्रेष्ठ बताया।

3. अरविन्द घोष के राज्य सम्बन्धी विचार – 

घोष का मानना है कि राज्य एक यान्त्रिक इकाई है। यह देखने में तो लोगों के हितों का संरक्षक लगता है लेकिन फिर भी साध्य नहीं है। यह लोगों के कल्याण का एक साधन है। इस साधन के द्वारा अल्पसंख्यकों के विचारों को ‘सामूहिक हित’ के नाम पर बहुसंख्यकों पर थोप दिया जाता है। राज्य सत्तारुढ़ स्वाथ्र्ाी लोगों का ही संगठन है जिसका सामान्य हित से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने राज्य के सावयव सिद्धान्त की आलोचना करते हुए कहा है कि राज्य को जीवित शरीर के समान नहीं माना जा सकता क्योंकि राज्य का स्वरूप मशीनीकृत है। 

उनका कहना है-’’राज्य एक सुविधा है और अपेक्षाकृत हमारी सामूहिक उन्नति की एक भद्दी सुविधा है, इसे कभी भी स्वयं में साध्य नहीं बनाना चाहिए।’’ उन्होंने आगे लिखा है कि राज्य के ऊपर एक ओर श्रेष्ठ व्यवस्था होनी चाहिए। इस व्यवस्था में सर्वाधिक महत्व सत्य, आत्मा और ईश्वर को दिया जाना चाहिए। व्यक्ति को रज्य से पृथक ऐसा अस्तित्व प्रदान करना चाहिए ताकि वह राज्य द्वारा दी गई सुविधाओं से अपनी आध्यात्मिक उन्नति कर सके। 

इस प्रकार व्यक्ति सत्य, आत्मा और ईश्वर के प्रति निष्ठावान रहना अपने जीवन का चरम लक्ष्य भी प्राप्त कर सकता है। उन्होंने राज्य का उद्देश्य भी सभी व्यक्तियों का अधिकतम कल्याण (Greatest good will of all) बताया है। इस दृष्टि से उन्होंने बैन्थम के उपयोगितावादी सिद्धान्त की भी आलोचना कर डाली है। इसका कारण उनका भारतीय संस्कृति के प्रति अथाह लगाव का होना है। ‘सर्वभूतहिताय’ गीता का सिद्धान्त है जिसे घोष ने अपने चिन्तन का आधार बनाय है। इस प्रकार उन्होंने राज्य को साधन और व्यक्ति को एक साध्य बताया है।

अरविन्द घोष का राजनीतिक रचनात्मक कार्यक्रम – अधिकांश विद्वानों का मानना है कि अरविन्द घोष ने कांग्रेस और ब्रिटिश सरकार की कड़ी आलोचना करके विध्वंसात्मक पक्ष का ही पोषण किया है। लेकिन यह बात पूरी तरह सत्य नहीं हे। घोष ने अपने बड़ौदा नरेश के सेवाकाल के दौरान ही अपने रचनात्म्क पक्ष का प्रतिपादन किया था। डॉ0 कर्ण सिंह ने उनके रचनात्मक पक्ष को स्पष्ट करते हुए कहा है-’’भारत का लक्ष्य ब्रिटिश आधिपत्य से पूर्ण मुक्ति पाने का होना चाहिए। इस मुक्ति के लिए उसे अपने विदेशी शासकों की कृपा और दया पर निर्भर नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपनी आन्तरिक शक्ति और बल के असीम भण्डार का ही सहारा लेना चाहिए।’’ अरविन्द घोष ने माना कि स्वतन्त्रता का लक्ष्य तभी प्राप्त होगा, जब हम अपने निजी स्वार्थ का त्याग कर सच्चे देश प्रेम की लगन से कार्य करेंगे और अंग्रेजों के फैंके हुए टुकड़ों के लिए तरसना छोड़ देंगे। उनके रचनात्मक राजनीतिक कार्यक्रम के मुख्य पहलू हैं-
  1. जनसाधारण में आजादी के प्रति जागृति पैदा करना।
  2. असहयोग और सत्याग्रह से जनता को संगठित करना।
  3. स्वदेशी के आधार पर समानान्तर भारतीय उद्योगों का विकास करना।
  4. ब्रिटिश आर्थिक ढांचे को छिन्न-भिन्न करना।
  5. ब्रिटिश सरकार के विरुद्ध सशस्त्र क्रान्तिकारियों को संगठित करना।
  6. ब्रिटिश साम्राज्य से पूर्ण मुक्ति पाना।
अपने इस रचनात्मक कार्यों को कार्यरूप देने के लिए उन्होंने यतीन बैनर्जी, पी0 मितर और विभूति भूषण भट्टाचार्य से मिलकर बंगाल में क्रान्ति दल का गठन किया। उन्होंने इसी तरह के अन्य क्रान्तिकारी संगठनों से भी सम्पर्क साधा। उनका मानना था कि लोगों में राष्ट्रीयता की भावना को फैलाकर ही देश को स्वाधीनता दिलाई जा सकती है। उन्होंने स्वदेशी और बहिष्कार को भी अपने रचनात्मक कार्यक्रम का घटक बनाया ताकि अंग्रेजी उद्योग का आधिपत्य समाप्त हो सके। उन्होंने अपना मत व्यक्त किया कि यदि अंग्रेजों के आर्थिक बन्धन तोड़ दिए जाए और उसके समानान्तर भारतीय व्यवसाय तथा उद्योग को खड़ा किया जाए तो देश की राजनीतिक स्वतन्त्रता के लिए चलने वाले क्रान्तिकारी प्रयासों को अवश्य सफलता मिलेगी। आगे चलकर यही स्वदेशी का मुद्दा राष्ट्रवादी दल का कार्यक्रम बना। इस प्रकार अरबिन्द द्वारा अंग्रेजी सरकार के खिलाफ आवाज उठाने की हिम्मत करना एक महत्वपूर्ण कदम था।

4. अरविन्द घोष के अरबिन्द के स्वतन्त्रता सम्बन्धी विचार – 

उनके स्वतन्त्रता सम्बन्धी विचारों में भी आध्यात्मिकता का पुट मिलता है। उन्होंने स्वतन्त्रता को परिभाषित करते हुए कहा है-’’स्वतन्त्रता अपने जीवन के नियमों का पालन करना है, अपनी स्वाभाविक आत्मपूर्णता के लिए आगे बढ़ना तथा प्राकृतिक एवं स्वतन्त्र रूप से वातावरण के साथ एकरूपता की खोज करना ही स्वतन्त्रता है।’’ इस प्रकार अरबिन्द ने मानवीय स्वतन्त्रता को मानव द्वारा अपने अस्तित्व के लिए स्वीकृत कानूनों का पालन माना है। उन्होंने मानवीय स्वतन्त्रता के दो प्रकार-प्ण् आंतरिक स्वतन्त्रता, प्प्ण् बाह्य स्वतन्त्रता बताए हैं। 

आन्तरिक स्वतन्त्रता से उनका तात्पर्य अपनी आत्मा की आवाज के अनुसार स्वतन्त्र रूप में अपने स्वाभाविक गुणों को विकसित करना तथा बाह्य वातावरण में सामंजस्य स्थापित करना है। उसकी मान्यता थी कि आन्तरिक स्वतन्त्रता की अनुभूति किए बिना बाहरी स्वतन्त्रता निरर्थक है। यदि कोई व्यक्ति आन्तरिक शक्तियों की बजाय बहारी दबावों से कार्य करता है तो वह स्वतन्त्र नहीं कहला सकता। वास्तविक स्वतन्त्रता तो स्व नियन्त्रित आन्तरिक स्वतन्त्रता है। आन्तरिक एवं आत्मिक स्वतन्त्रता जीवन का सार है। कानून कभी स्वतन्त्रता को नष्ट नहीं करते बल्कि स्वतन्त्रता का विकास करते हैं। इसलिए व्यक्ति को बाह्य स्वतन्त्रता की बजाय आन्तरिक स्वतन्त्रता को प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए ताकि राजनीतिक स्वतन्त्रता के लक्ष्य को प्राप्त करने में सुविधा हो।

आध्यात्मिक राष्ट्रवाद का सिद्धान्त – अरबिन्द घोष का राष्ट्रवाद का सिद्धान्त बहुत ही महत्वपूर्ण सिद्धान्त है। प्रारम्भ में वे उग्र राष्ट्रवादी विचारधारा के व्यक्ति थे, लेकिन पांडिचेरी में प्रस्थान करने के बाद वे पूरी तरह आध्यात्मिक व्यक्ति बन गए और उनको राष्ट्रवाद का स्वराज्य भी आध्यात्मिक हो गया। उन्होंने राष्ट्रवाद सम्बन्धी धारणा का प्रतिपादन ऐसे समय में किया जब भारत पराधीनता की बेड़ियों में जकड़ा हुआ था। अरबिन्द ने राष्ट्रवाद को प्राचीन संस्कृति और परम्परा के अनुरूप ढालकर बहुत ही महत्वपूर्ण कार्य किया। यद्यपि अरबिन्द के समकालीन विचारकों व नेताओं का रुझान भी राष्ट्रवाद की तरफ था, लेकिन उन्होंने आत्म-चेतना की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। अरबिन्द ने बहुत ऊंचे राष्ट्रवाद की नींव रखी, देशवासियों में स्वाभिमान को जगाया और उनके सामने आत्मा का चित्र स्पष्ट किया।

उनके लिए राष्ट्र केवल एक भौगोलिक सत्ता या प्राकृतिक भूखण्ड मात्र नहीं था, बल्कि एक मां के समान था। उन्होंने राष्ट्र को एक जीवित रूप में देखा और उसे आध्यात्मिक दृष्टिकोण पर खड़ा किया। उनके लिए राष्ट्र एक मां की तरह था। वे कहते थे कि मां बेड़ियों में है तथा इसे मुक्त कराने के लिए इस मां को मुक्त कराने के लिए भारत मां के सपूतों को हर कुर्बानी देने के लिए तैयार रहना चाहिए। अरबिन्द ने लिखा है-’’राष्ट्र क्या है, हमारी मातृभूमि क्या है? यह भूखण्ड नहीं है, वाक्विलास नहीं है और न ही मन की कोरी कल्पना है। यह महाशक्ति है, जो राष्ट्र का निर्माण करने वाले कोटि-कोटि जनता की सामूहिक शक्तियों का समाविष्ट रूप है।’’ उन्होंने राष्ट्रवाद को एक धर्म बताया जो ईश्वर द्वारा प्रदत्त है और जिसके लिए हमें जीवित रहना है। उन्होंने कहा है कि राष्ट्रवाद को दबाया नहीं जा सकता, यह तो दैवी इच्छा का परिणाम है और उसी की शक्ति से आगे बढ़ता है। 

उन्होंने कहा है-’’राष्ट्रवाद एक धर्म है जो ईश्वर की ओर से आया है। राष्ट्रवाद एक ऐसा धर्म है जिसका तुम्हें जीवन में पालन करना है।’’ उन्होंने आगे कहा है कि बंगाली व भारतीय एक ऐसी जाति है जिन्हें राजनीतिक स्वतन्त्रता प्राप्त करके व राष्ट्र का निर्माण करके ईश्वरीय आदर्श को प्राप्त करना है। उनका ध्येय भारत को विश्व का आध्यात्मिक गुरु बनाने का था। इसके लिए भारत माता को पराधीनता से छुटकारा दिलाना जरूरी है। इसके लिए हमें धार्मिक भावना का पालन करना जरूरी है, अन्यथा हम सदा के लिए अपनी आध्यात्मिक शक्ति, आत्म-पुनरुद्धार व अपना बौद्धिक बल खो देंगे। उन्होंने कहा कि एकता में महान शक्ति है, इसलिए हमें स्वाधीनता के लिए संगठित प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद किसी एक भाषा, एक जाति या धर्म के लोगों का राष्ट्रवाद नहीं है। उनका राष्ट्रवाद हिन्दू राष्ट्रवाद नहीं है। 

उनकी राष्ट्रभक्ति मानव प्रेम व विश्व-बन्धुत्व पर आधारित है। उन्होंने कहा है-’’राष्ट्रवाद मानव के सामाजिक तथा राजनीतिक विकास के लिए जरूरी है। अन्ततोगोत्वा एक विश्व संघ के द्वारा मानव की एकता स्थापित होनी चाहिए और इस आदर्श की प्राप्ति के लिए आध्यात्मिक नींव का का निर्माण मानव धर्म और आन्तरिक एकता की भावना के द्वारा ही किया जा सकता है।’’ उनका कहना था कि हिन्दू धर्म एक शाश्वत् कार्य है जो सबको अपने में समेटता है। इसमें किसी प्रकार की संकीर्णता नहीं है। यह ईश्वर के स्वामित्व पर बल देता है। इसलिए हमें अपने शाश्वत् धर्म का पालन करते हुए सभी धर्म व जातियों के लोगों को िमाकर स्वाधीनता प्राप्ति के प्रयास करने चाहिए ताकि भारत को आध्यातिमक गुरु बनाया जा सके।

5. मानवीय एकता का आदर्श –

मानवीय एकता का आदर्श’ अरबिन्द एक ऐसा विचार है, जिसके कारण उन्हें आध्यात्मिकता का पैगम्बर कहा जाता है। उन्होंने मानवीय एकता को स्थापित करने के लिए लोगों को आदर्शवादी होने पर जोर दिया है। उन्होंने महसूस किया प्रथम विश्व युद्ध ने माव जाति के अस्तित्व को जो खतरा उत्पन्न किया है, वह विचारणीय है। यदि समय रहते युद्ध की विभीषिका से लोगों को परिचित नहीं कराया गया तो भारत का आध्यात्मिक गुरु बनने का स्वप्न टूट कर बिखर जाएगा। इसलिए उन्होंने 1947 में ‘मानव एकता का आदर्श’ नामक पुस्तक की रचना की। उन्होंने इस पुस्तक में मानव की एकता के आदर्श को एक स्वाभाविक प्रक्रिया बताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यह स्वप्न अवश्य पूरा होगा। सम्पूर्ण मानव जाति एक विश्व संघ के रूप में एक झण्डे के नीचे आ जाएगी। ऐसा विभिन्न कारणों-I. प्राकृतिक कारणों, II. निरन्तर परिवर्तनशील परिस्थितियों के दबाव से, III. मानव मात्र की वर्तमान और भविष्य की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को पूर्ण करने की इच्छा से प्रेरित होने से होगा। उन्होंने लिखा है-’’हम सब एक-दूसरे के घटक हैं और एक यान्त्रिक तथा बाह्य आवश्यकता हमें एक-दूसरे के प्रति इतना आकर्षित करती है कि हम स्वयं को क्रमश: परिवार, कबीले तथा ग्राम जैसे उत्तरोत्तर समूहों में संगठित करने को मजबूर हो जाते हैं।’’

उन्होंने आगे कहा है कि विश्व एकता का आदर्श इस बात में महत्वपूर्ण है कि हीगल, अरस्तु आदि विचारकों द्वारा बनाई गई राष्ट्रीय राज्यों की अवधारणा अन्तिम अवस्था नहीं थी। आगे चलकर कई राज्यों को मिलाकर संगठित होने की जो प्रवृत्ति द्वितीय विश्व युद्ध के बाद चली, उसने अरस्तु और हीगल की राष्ट्रीय राज्य की धारणा को धराशायी कर दिया है। आज कई राज्यों को मिलाकर संघ बन चुके हैं। SAARC, WTO, OAS आदि इसके प्रमुख उदाहरण हैं। आज आर्थिक तथा राजनीतिक एकीकरण की प्रक्रिया जोरों पर चल रही है। इसलिए भविष्य में अरबिन्द के ‘मानव एकता के आदर्श’ का स्वप्न यथार्थ में बदलने की पूरी सम्भावना है। हमे अरबिन्द के इन विचारों को स्वीकार करना होगा कि यदि हम विश्व संघ के रूप में ‘मानव एकता का आदर्श’ स्थापित करना चाहते हैं तो हमें संकीर्ण राष्ट्रवाद की सीमाएं तोड़नी होंगी। चूंकि विश्व संघ का निर्माण राष्ट्रीय आत्म-निर्णय के सिद्धान्त के अनुसार होगा, लेकिन इसमें मनुष्य को स्थान, जाति, संस्कृति तथा आर्थिक सुविधा के अनुसार अपने अपने समूह बनाने का अधिकार होगा। परन्तु ये समूह संकीर्ण स्वार्थों से ऊपर उठकर सम्पूर्ण मानव जाति के उत्थान के लिए कार्य करेंगे।

इस प्रकार अरबिन्द ने ‘मानव एकता के आदर्श’ को स्थापित करने के मार्ग में आने वाली बाधाओं संकीर्ण स्वार्थ, संकीर्ण राष्ट्रवाद आदि की तरफ भी ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि यदि हम मानवता के समक्ष मानवता का आध्यात्मिक धर्म रखें तो सामूहिक स्वार्थ या संकीर्ण राष्ट्रवाद पर काबू पाया जा सकता है। हम यह महसूस करें कि हम सभी में एक गुप्त आत्मा या ईश्वरीय सत्ता है और मानवता इस भूमि पर उस ईश्वरीय सत्ता का ही सर्वोच्च प्रतीक है तो ‘मानव एकता का आदर्श’ आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। इसी मनोवैज्ञानिक एकता के कारण अन्तोगतत्वा विश्व संघ की स्थापना हो सकेगी और उसकी स्थापना में भारत की भूमिका एक आध्यात्मिक गुरु की होगी।

6. अरविन्द घोष के हिंसा सम्बन्धी विचार – 

इस बारे में अनेक विचारकों की राय अलग-अलग है। कुछ उन्हें अहिंसावादी मानते हैं और कुछ हिंसावादी। सत्य तो यह है कि वे अहिंसा और हिंसा दोनों के समर्थक थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन के सशस्त्र क्रान्ति पर जोर देकर हिंसावादी होने का ही परिचय दिया। लेकिन राजनीति से संन्यास लेने के बाद पांडिचेरी प्रवास के दौरान उन्होंने आध्यात्मिक रास्ता ग्रहण करने पर भी हिंसा को पूर्ण रूप से त्याज्य नहीं माना। उनका कहना था कि राष्ट्र की रक्षा के लिए हिंसा की आवश्यकता पड़े तो उसमें परहेज नहीं होना चाहिए। इसलिए उन्होंने आवश्यकतानुसार सशस्त्र क्रान्ति और हिंसा का ही समर्थन किया है। यदि अहिंसात्मक साधनों से राष्ट्रवाद का पोषण होता हो तो हिंसा का प्रयोग वर्जित है। उन्होंने हिंसा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ‘गीता रहस्य’ नामक पुस्तक में लिखा है-’’धर्मयुद्ध में राष्ट्र के शत्रुओं को मारना भी धर्म का ही एक अंग है। इससे स्पष्ट है कि वे मूलत: एक अहिंसावादी थे, लेकिन आवश्यकतानुसार हिंसा को भी जरूरी मानते थे। वे अहिंसा के विरोधी नहीं थे, लेकिन उसे एकमात्र मापदण्ड मानकर सिद्धान्त रूप में ग्रहण करने को तैयार नहीं थे, आवश्यकता पड़ने पर वे अहिंसा की अपेक्षा हिंसा को ही अधिक महत्व देते थे। इसलिए उन्होंने हिंसा के साथ-साथ अहिंसा का भी समर्थन किया है।

7. अरविन्द घोष के कानून के सिद्धान्त सम्बन्धी विचार –

अरविन्द घोष का मानना था कि कानून लोक इच्छा की अभिव्यक्ति मात्र है। अच्छे कानून अच्छी राजनीतिक व्यवस्था के द्योतक हैं। कानूनों का पालन होना चाहिए। कानूनों का पालन ही सामाजिक जीवन व राजनीतिक संगठन की नींव है। लेकिन कानून का पालन भय या दण्ड शक्ति के आधार पर नहीं होना चाहिए। कानून जनता द्वारा स्वयं बनाए जाने चाहिएं। जो कानून जनता पर थोपे जाते हैं, उनके पीछे नैतिक बल का अभाव होता है और जनता द्वारा वे अधिक देर तक मान्य नहीं होते, क्योंकि इनके पीछे पशु बल काम कर रहा होता है। कानूनों का पालन इनके उपयोगी होने के कारण होता है। यदि कानून निष्ठुर और अन्यायपूर्ण होते हैं तो उनकी अवहेलना शुरू हो जाती है। इस प्रकार अरबिन्द जी का मानना था कि जनता को न्याय-संगत व उपयोगी कानूनों का ही पालन करना चाहिए। जनता को यह अधिकार है कि वह उन कानूनों का पालन न करे जो उसकी आत्मा को ठेस पहुंचाने वाले हों। यदि अवज्ञा करने पर उसे दण्ड मिले तो भी अन्यायपूर्ण कानूनों का पालन नहीं करना चाहिए।

8. अरविन्द घोष के सामाजिक सुधारों के सम्बन्ध में विचार – 

अरबिन्द जी सामाजिक सुधारों के बारे में अधिक व्याकुल नहीं थे। उनका ध्येय तो राजनीतिक स्वतन्त्रता को प्राप्त करने तक ही सीमित था। उनका विचार था कि जब भारतीयों को राजनीतिक सत्ता की प्राप्ति हो जाएगी तो सामाजिक सुधार भी धीरे-धीरे होते जाएंगे। उनका मानना था कि राजनीतिक पराधीनता के अन्तर्गत किसी भी प्रकार के सामाजिक सुधारों की बात करना काल्पनिक व निराधार है। उन्होंने कहा है-’’राजनीतिक स्वतन्त्रता राष्ट्र की जान हैं राजनीतिक स्वतन्त्रता को प्राप्त किए बिना सामाजिक सुधारों के लिए प्रयास करना अज्ञानता व व्यर्थता है।’’ इस प्रकार अरबिन्द ने सामाजिक सुधारों की तरफ अधिक ध्यान नहीं दिया।

इस प्रकार उपरोक्त राजनीतिक विचारों का अध्ययन करने के बाद कहा जा सकता है कि अरबिन्द ने राजनीतिक चिन्तन के कुछ विषयों-राष्ट्रवाद, व्यक्तिगत स्वतन्त्रता तथा मानव की एकता को आध्यात्मिक आधार प्रदान किया। उन्होंने राष्ट्रवाद को दैवीय आधार पर प्रतिपादित किया और भारतीय राष्ट्रीय आन्दोलन में एक नई जान फूंकी। उन्होंने मानव एकता के आदर्श द्वारा विश्व बन्धुत्व की जो कल्पना की है, वह आधुनिक समय में व्याप्त अन्तर्राष्ट्रीय संघर्षों के समाधान का उचित उपाय है। इस दृष्टि से उनका चिन्तन सर्वव्यापी तथा सार्वभौमिक है। उन्होंने पश्चिम और पूर्व के विचारों का जो समन्वय किया है, वह उनकी राजनीतिक दर्शन को सबसे महान देन है।

9. अरविन्द घोष के आध्यात्मिक राष्ट्रवाद का सिद्धान्त

अरविन्द घोष की राजनीतिक चिन्तन को सबसे बड़ी देन उनका आध्यात्मिक राष्ट्रवाद का सिद्धान्त है, लम्बे समय तक इंग्लैण्ड में रहकर जब वे भारत वापस आए तो उन्होंने भारत माता को पराधीनता की बेड़ियों में जकड़े हुए हुए अनेक सामाजिक व राजनीतिक समस्याओं से ग्रस्त पाया, तत्कालीन भारतीय कांग्रेसी नेता अंग्रेजों पर इन समस्याओं के समाधान के लिए कोई दबाव बनाने में असफल सिद्ध हो रहे थे। उनकी कार्यप्रणाली ज्ञापन देने या प्रार्थना करने तक ही सीमित थी, इस अवस्था में अरबिन्द जैसे सच्चे देश भक्त का सन्तुष्ट व चुप रहना असम्भव था। इसलिए उन्होंने भारत माता को पराधीनता की बेड़ियों से छुटकारा दिलाने के प्रयास शुरू किए। उन्होंने प्रारम्भ में तो उग्र-राष्ट्रवाद का समर्थन किया, उन्होंने तिलक, लाला लाजपत राय, विपिन चन्द्र पाल जैसे क्रान्तिकारियों की देश के प्रति भावना को सराहा तथा उन्होंने उदारवादी नेताओं की आलोचना की। लेकिन अंग्रेजी सरकार की दमनकारी नीति के शिकार गर्म दल के नेताओं की दुर्दशा देखकर उन्होंने अपना इरादा बदल लिया और पांडिचेरी में जाकर एक आश्रम की स्थापना की। यहीं से उनके आध्यात्मिक राष्ट्रवाद की नींव पड़ी। उन्होंने राष्ट्रवाद को एक नए रूप में पेश किया, उन्होंने पश्चिम तथा भारतीय संस्कृति के तत्व जोड़कर आध्यात्मिक राष्ट्रवाद का सिद्धान्त प्रतिपादित किया।

राष्ट्रवाद की व्याख्या  - अरबिन्द का राष्ट्रवाद संकुचित न होकर एक विस्तृत धारणा है। उनके अनुसार उनका राष्ट्र केवल एक भौगोलिक सत्ता या प्राकृतिक भूखण्ड नहीं है। यह एक भौगोलिक इकाई मात्र न होकर इससे भी अधिक है। डॉ0 कर्ण सिंह का कहना है कि अरबिन्द जी राष्ट्र को ईश्वरीय शक्ति मानते थे और उनकी राष्ट्रीयता एक आध्यात्मिक आवश्यकता थी। उनकी राष्ट्रवाद की धारणा विस्तृत और गहरी है। उन्होंने राष्ट्रवाद को एक सनातन धर्म माना है। उन्होंने कहा है कि यदि सनातन धर्म न होता तो हिन्दू राष्ट्र भी नहीं होता। राष्ट्र एक दैवी पुकार है। यह भगवान का अवतार है। 

उन्होंने राष्ट्रवाद की व्याख्या करते हुए लिखा है-’’राष्ट्रवाद केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, राष्ट्रवाद तो एक धर्म है जो ईश्वर के पास से आया है जिसे लेकर आपको रहना है। हम सभी लोग ईश्वरीय अंश के साधन है। अत: हमें धार्मिक दृष्टि से राष्ट्रवाद का मूल्यांकन करना है। यह धर्म दैवी और सात्विक है। राष्ट्रीयता को हम दबा नहीं सकते। यह तो ईश्वरीय शक्ति की सहायता से और बढ़ती है। राष्ट्रीयता अजर- अमर है, यह कोई मानवीय वस्तु नहीं, बल्कि प्रत्यक्ष ईश्वर है। ईश्वर को न तो मारा जा सकता है और न ही जेल में ठूंसा जा सकता है। यह महान राष्ट्र फिर से उन्नति करेगा तथा उतना ही महान् हो जाएगा जितना कि यह अपनी आध्यात्मिक महानता के समय में था।’’

इससे स्पष्ट हो जाता है कि अरबिन्द का राष्ट्रवाद आध्यात्मिक विचारधारा है। उनका आध्यात्मिक राष्ट्रवाद एक ऐसी विचारधारा है जिससे भारत की अतीत की महान संस्कृति का गुणगान करके भारत की पराधीन जनता में नया जोश व उमंग भरकर स्वतन्त्रता प्राप्ति के लिए प्रेरित किया। उनके आध्यात्मिक राष्ट्रवाद की मुख्य बातें हैं-

1. राष्ट्रवाद एक दैवी पुकार है – उदारवादी नेता ब्रिटिश शासन को ईश्वरीय वरदान मानते थे। जबकि अरबिन्द राष्ट्रवाद को ईश्वरीय आदेश समझते थे। वे राष्ट्रवाद को राजनीति का अंग न समझकर धर्म का अंग मानते थे। उनके लिए राष्ट्रवाद एक दैवीय आदेश था और उसकी रक्षा के लिए वे दृढ़ संकल्प थे। उन्होंने राष्ट्रवाद को परिभाषित करते हुए लिखा है-’’राष्ट्रवाद केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है। यह देश में दैवी एकता को पापत करने की एक प्रबल महत्वाकांक्षा है। वह एक ऐसी एकता है जिसमें विधिवत् बहुत से व्यक्तियों की राजनीति, सामाजिक और आर्थिक विचारवाली, कार्य विभिन्न होते हुए भी मौलिक रूप से एक है। जो राष्ट्रीयता का आदर्श भारत विश्व के समक्ष उपस्थित करेगा उस मानव में समानता होगी, जांति-पांति, वर्ग-वर्ग में समानता होगी।’’ इससे स्पष्ट है कि उनकी विचारधारा में राष्ट्रवाद एक सनातन धर्म है। 

उन्होंने जनसाधारण को राष्ट्रवाद का आध्यात्मिक रूप समझकर स्वतन्त्रता के लिए प्रयास करने की दिशा में प्रेरित किया है। उन्होंने जनता में स्वाधीनता के प्रति जो नया उत्साह जागृत किया है, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा है कि राष्ट्रवाद ईश्वर प्रदत्त होने के कारण अमर है, यह सनातन धर्म होने के कारण एक विश्वास है और विश्वासी व्यक्ति को सनातन धर्म की रक्षा करने और अपना विश्वास बनाए रखने के लिए स्वाधीनता के लिए बड़ी से बड़ी कुर्बानी देने में कोई हिचक नहीं होनी चाहिए।

2. अरबिन्द का राष्ट्रवाद मानवता पर आधारित है – अरबिन्द का राष्ट्रवाद संकीर्ण राष्ट्रवाद नहीं है बल्कि विस्तृत है। यह सर्वव्यापक और सार्वभौमिक है। देश-काल की सीमाएं इसे बांधकर नहीं रख सकती। यह किसी विशेष जाति की श्रेष्ठता से सम्बन्धित न होकर सम्पूर्ण मानवता के कल्याण पर आधारित है। उनका मानना था कि हिन्दू धर्म शाश्वत् धर्म है और सार्वभौमिक भी है। भारत का अस्तित्व ही इस धर्म के लिए है। सम्पूर्ण विश्व की मानवता का कल्याण हिन्दू धर्म का ध्येय है। इसलिए हमें एक विश्व-संघ या विश्व-राज्य की बात सोचनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा है कि इसके अन्तर्गत सभी राज्यों को स्वतन्त्रता आत्मनिर्णय के अधिकार द्वारा प्राप्त होगी और सभी देशों के हितों की समान रूप से रक्षा होगी। डॉ0 कर्ण सिंह ने कहा है-’’अरबिन्द का राष्ट्रवाद अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का है क्योंकि उसका उद्देश्य मानव कल्याण और मानव एकता है।’’ अरबिन्द ने अपनी रचनाओं में यह बात स्पष्ट रूप से कही है कि भारत का उत्थान मानवता के लिए होगा। इसलिए उनका राष्ट्रवाद आध्यात्मिक राष्ट्रवाद है जो मानवता के कल्याण के लक्ष्य पर आधारित है।

3. अरबिन्द का राष्ट्रवाद शक्ति का प्रतीक है – अरबिन्द राष्ट्रवाद को शक्ति का प्रतीक मानते थे। उन्होंने बंकिम चन्द्र चटर्जी के राष्ट्रवाद से प्रेरणा ग्रहण करके इसे नया रूप दिया है। उन्होंने कहा है-’’तुम शास्त्र के संकटों से मत डरो। तुम्हारे मार्ग में रूकावट डालने वाली शक्ति कितनी ही बड़ी क्यों न हो, तुम चिन्ता मत करो। तुम स्वतन्त्र हो, यह ईश्वर का आदेश है और तुम्हें स्वतन्त्रता प्राप्त करनी चाहिए। यदि तुमने आत्म-स्वरूप को पहचान लिया है, तो तुम्हें डरने की आवश्यकता नहीं है। संसार में सत्य, प्रेम और श्रद्धा के लिए कुछ भी असाध्य नहीं है। दोगली भाषा मत बोलो, दुर्बलता को पास मत आने दो, हम से बढ़कर एक प्रचण्ड शक्ति हमें प्रेरत कर रही है कि सारे बन्धन तोड़ दो और एक आदर्श बन जाओ।’’ अरबिन्द ने जिस शक्ति की बात की है वह भौतिक शक्ति से अधिक तेज है। उन्होंने आध्यात्मिक उत्थान द्वारा स्वतन्त्रता प्राप्त करने की बात कही है। उन्होंने भारत को एक भौगोलिक सत्ता की बजाय एक आध्यात्मिक सत्ता माना है।

4. अरबिन्द का राष्ट्रवाद व्यापक है, संकुचित नहीं – अरबिन्द ने राष्ट्रवाद को भौतिक दृष्टि से न देखकर आध्यात्मिक दृष्टि से परखा है। उन्होंने संकीर्णता व स्वार्थों की परिधि से निकलकर अपने राष्ट्रवाद को प्रत्येक धर्म, जाति, समुदाय या वर्ग तक विकसित किया है। यद्यपि उनके राष्ट्रवाद का स्रोत हिन्दू संस्कृति है, लेकिन फिर भी उन्होंने मुस्लिम विरोधी भावना नहीं दर्शाई है। यह प्रत्येक धर्म को अपने में समेटे हुए है। अरबिन्द जैसा योगी व आध्यात्मिक का पैगम्बर अपने राष्ट्रवाद को हिन्दू धर्म की सीमाओं में नहीं बांध सकता था। उनका ध्येय राष्ट्रीयता का विकास करने का था। सभी धर्मों, जातियों व समुदायों को साथ लेकर चले बिना इस ध्येय की प्राप्ति नहीं हो सकती थी। उनकी दृष्टि प्रत्येक भारतीय के कल्याण की तरफ थी। इस प्रकार हम कह सकते हैं कि अरबिन्द का राष्ट्रवाद व्यापक था, संकीर्ण नहीं।

5. अरबिन्द का राष्ट्रवाद प्राचीनता व आधुनिकता का मिश्रण है – अरबिन्द लम्बे समय तक इंग्लैण्ड में रहने के कारण पाश्चात्य सभ्यता से परिचित हुए जब वे 1893 ई0 में भारत वापिस आए तो उन पर पश्चिमी संस्कृति का पूरा रंग चढ़ा हुआ था। परन्तु भारत में रकर उन्हें अपनी गौरवमयी संस्कृति का आभास हुआ। उन्होंने गीता, वेदों व उपनिषदों से काफी ज्ञान प्राप्त हुआ। इस तरह उनका चिन्तन पाश्चात्य तथा भारतीय संस्कृति व सभ्यता का मिला जुला रूप बन गया। उन्होंने प्राचीनता व आधुनिकता में समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया उन्होंने पश्चिमी राष्ट्रवाद से घृणा न करके उसे सम्मान दिया। 

उन्होंने लिखा है-’’हमें पश्चिमी राष्ट्रवाद से इसलिए घृणा नहीं करनी चाहिए कि उनकी उत्पत्ति भारत भूमि पर नहीं हुई। यदि हमें कोई अच्छी बात पश्चिम से मिले तो इसे अपनी परम्परा और परिस्थितियों के अनुसार स्वीकार करने में कोई हानि नहीं है।’’

6. अरबिन्द के राष्ट्रवाद का लक्ष्य पूर्ण-स्वराज है – अरबिन्द का मानना है कि मानव जाति के आध्यात्मिक जागरण में भारत को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है। ऐसा तभी सम्भव है तब उसे स्वाधीनता प्राप्त हो जाएगी। पूर्ण स्वराज्य ही सच्चे भारतीय राष्ट्रवाद का लक्ष्य हो सकता है, उससे कम कुछ नहीं। उनके लिए रष्ट्रवाद एक दिव्य सन्देश था जिसका प्रचार उसने विश्व स्तर पर करने की बात की है ताकि सम्पूर्ण मानव जाति को फायदा हो। इसलिए उन्हें सम्पूर्ण मानव जाति के कल्याण का बेड़ा उठाने के लिए सबसे पहले स्वतन्त्रता का लक्ष्य प्राप्त करने पर जोर दिया है। उन्होंने अंग्रेजों के अधीन रहकर स्वतन्त्र रहने को निराधार बताया।

इस प्रकार उपरोक्त विचारों का अध्ययन करने के बाद यह स्पष्ट हो जाता है कि अरबिन्द का राष्ट्रवाद आध्यात्मिक स्वरूप का था। उनके लिए राष्ट्रवाद एक दैवीय पुकार थी, जिसको प्राप्त करने के लिए भारत को हर कुर्बानी देने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने विश्व में मानवता का आदर्श स्थापित करने का विचार देकर मानवता की जो सेवा की है, उसे भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने सार्वभौमिक व सर्वव्यापक रूप में राष्ट्रवाद को परिभाषित करके उसमें जो नयापन ला दिया है, वह अन्य राष्ट्रवादी विचारकों के विचारों में दिखाई नहीं देता, उन्होंने कहा था कि भारत को विश्व के आध्यात्मिक गुरु की भूमिका अदा करनी है। आज आध्यात्मिक दृष्टि से अरबिन्द का कथन सत्य साबित हो रहा है। आज धार्मिक सहिष्णुता और उदार राष्ट्रवाद का जो रूप भारत में है, वह अन्य देशों में कम ही देखने को मिलता है। लेकिन मानव एकता के आदर्श और आध्यात्मिक नेतृत्व का स्वप्न शीघ्र साकार होता नहीं लगता, यदि आज अरबिन्द के चिन्तन के गत्यात्मक पहलूओं पर विचार किया जाए तो उनके राष्ट्रवाद सम्बन्धी विचार शाश्वत् महत्व के हैं। उनके अनुसार आचरण करने में आज सम्पूर्ण मानवता के कल्याण का मन्त्र निहित है। लेकिन दुर्भाग्यवश उनके विचारों को अमली जामा पहनाना नजदीक भविष्य में असम्भव व कठिन है।

अरविन्द घोष का मूल्यांकन

अरबिन्द के चिन्तन का अध्ययन करने से यह बात साबित होती है कि वे एक आध्यात्मिक राष्ट्रवाद के निर्माता पुरुष थे। वे एक महान योगी, सन्त, मानवता के पुजारी और मानवतावाद के पैगम्बर थे। उन्होंने सम्पूर्ण स्वाधीनता का आदर्श भारतवासियों के सामने रखा, राष्ट्रीय आन्दोलन को जन-आन्दोलन बनाया, आत्मनिर्भरता का पाठ पढ़ाया तथा मानव एकता का आदर्श हमारे सामने प्रस्तुत किया। उनका ध्येय मानव जाति के कल्याण में निहित था। उनके चिन्तन का व्यापक अध्ययन करने के बाद कहा जा सकता है कि अरबिन्द एक विचारक ही नहीं थे बल्कि एक ऋषि थे जो कि हमको आत्म-ज्ञान प्रदान कर सकते थे। 

हरिदास चौधरी के अनुसार-’’अरबिन्द जी वास्तव में एक सृजनशील व्यक्ति हैं जिनका भूत, वर्तमान, भविष्य पर पूरा अधिकार है और उनकी दृष्टि पैगम्बरों जैसी है।’’ रोमन रोलैड ने उन्हें भारतीय विचारकों का राजकुमार कहा है। 

डॉ0 वर्मा ने कहा है कि अरबिन्द जी आधुनिक भारत के नवजागरण और राष्ट्रवाद के क्षेत्र में एक महान विभूति हुए हैं और उनका चिन्तन अत्यन्त क्रमबद्ध और सुविस्तृत है।’’ उनका चिन्तन सार्वभौमिक, सार्वकालिक व सर्वदेशीय है। उनका चिन्तन भारत के लिए न होकर सम्पूर्ण विश्व और समस्त मानव जाति के लिए है। वे वर्तमान समय के सबसे बड़े राष्ट्रवादी और मानवतावाद हैं, निष्कर्ष तौर पर पर कहा जा सकता है कि उनका आध्यात्मिक राष्ट्रवाद का सिद्धान्त और मानव एकता का विचार राजनीतिक चिन्तन के इतिहास मं एक महत्वपूर्ण देन है।

2 Comments

  1. वास्तव मे मैं वंदनीय योगी अरविंद जी के राष्ट्रीय विचारों को पढ़ा ऐसे लगा कि इनको स्कूल कालेजो के पाठ्यक्रम में शामिल करना चाहिए।

    ReplyDelete
  2. अरविंद घोष के राजनैतिक विचार नयी शिक्षा नीति में शामिल होनी चाहिए

    ReplyDelete
Previous Post Next Post