संत रविदास जी का सम्पूर्ण इतिहास

संत रविदास का जन्म वर्तमान उत्तर प्रदेश के तत्कालीन अवध प्रान्त के प्रसिद्ध ऐतिहासिक धर्मस्थली काशी नगरी (बनारस) छावनी से लगभग 04 किलोमीटर दूर माण्डूर (मंडवाडीह) नामक गाँव में हुआ था। चौदहवीं शताब्दी में जन्में संत रविदास की जन्मतिथि के बारे में विद्वानों में मत भिन्नता देखने को मिलती है। उनके जन्म तिथि के संदर्भ में अनेकों मत विभिन्न ग्रन्थों, साहित्यों में इस प्रकार उल्लिखित हैं-

  1. डॉ धर्मपाल मैनी संत रविदास की जन्मतिथि वि0सं0 1441 तदनुसार 27 जनवरी सन् 1385 ई0 मानते हैं।
  2. डॉ0 आर0एल0 हांडा संत रविदास की जन्मतिथि वि0सं0 1444, 24 जनवरी सन् 1388 ई0 मानते हैं।
  3.  डॉ0 गंगाराय गर्ग संत रविदास की जन्मतिथि वि0सं0 1444, 24 जनवरी सन् 1388 ई0 मानते हैं।
  4. डॉ0 राम कुमार वर्मा संत रविदास की जन्मतिथि वि0सं0 1445, 12 जनवरी सन् 1389 ई0 मानते हैं।
  5. डॉ0 रामानन्द शास्त्री संत रविदास की जन्मतिथि वि0सं0 1454 से पहले मानते हैं।
  6. डॉ0 भगवत मिश्र ने संत रविदास की जन्मतिथि वि0सं0 1455, 12 जनवरी सन् 1399 ई0 मानी है।
  7. डॉ0 विष्णुदत्त राकेश ने संत रविदास की जन्मतिथि वि0सं0 1455, 12 जनवरी सन् 1399 ई0 मानी है।
  8. डॉ0 दर्शन सिंह ने संत रविदास की जन्मतिथि वि0सं0 1471, 25 जनवरी सन् 1415 ई0 माना है।
  9. डॉ0 गोविन्द त्रिगुणायक संत रविदास की जन्मतिथि वि0सं0 1471 तदनुसार 25 जनवरी सन् 1415 ई0 मानते हैं।
  10. डॉ0 वी0पी0 शर्मा ने संत रविदास की जन्मतिथि वि0सं0 1455 तदनुसार 12 जनवरी सन् 1399 ई0 माना है।
  11. सं0 राम प्रसाद त्रिपाठी ने संत रविदास की जन्मतिथि वि0सं0 1455, 12 जनवरी सन् 1399 ई0 मानी है।
  12. महन्त सत्य दरबारी संत रविदास की जन्मतिथि वि0सं0 1456, 12 जनवरी सन् 1400 ई0 मानते हैं।
  13. ज्ञानी बरकत सिंह भी संत रविदास की जन्मतिथि वि0सं0 1471 तदनुसार 25 जनवरी सन् 1415 ई0 मानते हैं।
  14. महात्मा रामचरण कुरील ने संत रविदास की जन्मतिथि वि0सं0 1471, 25 जनवरी सन् 1415 ई0 मानी है।आचार्य पृथ्वी सिंह आजाद संत रविदास की जन्मतिथि वि0सं0 1433, सन् 1376 ई0 मानते हैं।
इस प्रकार हम इस निष्कर्ष पर पहुँचते हैं कि अधिकांश विद्वान संत रविदास का जन्म 14वीं शताब्दी के उत्तरार्द्ध में होना मानते हैं। इसलिए संत रविदास का जन्म 14वीं शताब्दी में ही हुआ। सिर्फ दिन और वर्ष में मतभेद है। इसके लिए हम डॉ0 पृथ्वी सिंह आजाद द्वारा स्वीकृत सन् 1376 ई0 ही मानना चाहेंगे क्योंकि डॉ0 शक्ति सिंह ने भाषा-विभाग, पटियाला के संगणक विभाग में गणना के आधार पर वि0सं0 1433, 25 जनवरी सन् 1376 ई0 को रविवार पड़ता है। अर्थात् वि0सं0 1433 माघ पूर्णिमा, फाल्गुन प्रविष्टे 1 दिन रविवार था। इसी दिन अर्थात् 25 जनवरी सन् 1376 ई0 को संत रविदास इस संसार में अवतरित हुए।

संत रविदास के पिताश्री रघुजी चमड़े के जूते बनाने का कार्य करते थे। शैक्षिक दृष्टि से संत रविदास की पारिवारिक पृष्ठभूमि अच्छी नहीं थी। भारत में संत रविदास के समकालीन परिवेश में शिक्षा जैसी सुविधायें मुहैया नहीं थी। सामान्यत: योग्यता और ज्ञान का आकलन डिग्री अथवा स्कूल, कालेजों की व्यवस्था पर आधारित न होकर व्यक्ति के वैयक्तिक ज्ञान और समझ पर निर्भर था। संत रविदास के पिता शूद्र वर्ण के थे। शूद्र वर्ण का समाज में निम्न और अन्तिम स्थान था।

अनेको ऐतिहासिक ग्रन्थों और साहित्यों में उल्लिखित है कि शूद्रों को समाज से अलग (दूर) रखा जाता था। छुआछूत के नियम अत्यन्त ही कठोर थे। संत रविदास के पिता इन सामाजिक प्रतिबन्धों से अछूते नहीं थे। ऐसी व्यवस्था से संत रविदास बिल्कुल सहमत नहीं थे परन्तु सामाजिक व्यवस्था में विद्यमान कठोर नियमों और प्रतिबन्धों पर काशी नगरी के महाराजा का कोई हस्तक्षेप नहीं था। यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगा कि तत्कालीन शासन व्यवस्था से जुड़े शासक भी ऐसी ही व्यवस्था के हिमायती और प्रतिपालक थे। ऐसी परिस्थिति में संत रविदास द्वारा विद्रोह भी किया जाना सम्भव नहीं था। यही कारण है कि संत रविदास ने समाज में विद्यमान सामाजिक व्यवस्था के निषेधों में घुटन महसूस किया और वह साधु-संतों की जमात में सम्मिलित हो गए जहाँ छुआछूत भेदभाव के प्रतिबन्ध कम और कठोर नहीं थे।

लोकप्रियता की दृष्टि से उनका नाम देश के विभिन्न भागों में आज भी अनेक नामों से प्रचलित हैं। पंजाब में ‘रैदास’, बंगाल में ‘रुईदास’, महाराष्ट्र में ‘रोहिदास’ राजस्थान में ‘रायदास’, गुजरात में ‘रोहिदास’ अथवा ‘रोहीतास’ मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश में ‘रविदास’ अथवा ‘रैदास’ नामों से उनके नामों का उल्लेख मिलता है। इस प्रकार उनके अनेक नाम देखने को मिलते हैं। उच्चारण में अन्तर जरूर देखने को मिलता है। परन्तु ये सभी नाम ‘रविदास’ या ‘रैदास’ के बिगड़े हुए रूप हैं। स्थान-स्थान की बोली एवं भाषा से प्रभावित होकर असली नाम में कुछ न कुछ परिवर्तन हो जाना स्वाभाविक है। यों तो रैदास को भी ‘रविदास’ का अपभ्रंश माना जा सकता है किन्तु अनुमान के सहारे निर्णय लेना उचित नहीं है। बेलवेडियर प्रेस, इलाहाबाद से प्रकाशित ‘‘रैदास की बानी’’ (1971) में संकलित पदों में ‘रैदास’ एवं ‘रविदास’ नाम की छाप मिलती है। 

गुरु-ग्रन्थ साहिब में संत रविदास के 40 पद हैं, जिनमें अधिकांश पदों में उनका नाम ‘रैदास’ ही मिलता है, लेकिन कहीं-कहीं ‘रविदास’ नाम का भी उल्लेख हुआ है। समकालीन संतों की वाणियों में भी उनका नाम ‘रैदास’ एवं रविदास दोनों मिलते हैं।

गुरु ग्रन्थ साहिब की प्रामाणिकता में भी संदेह नहीं किया जा सकता। ‘रैदास रामायण’ तथा ‘रैदास की बानी’ में भी ‘रविदास’ नाम का समर्थन मिलता है। अत: यह बात स्वीकार की जा सकती है कि संत रविदास का पुकारने का नाम ‘रैदास’ भले ही प्रचलित हो, किन्तु उनका असली नाम ‘रविदास’ ही था। नाम के अपभ्रंश रूप में प्रचलित हो जाने का एक कारण यह भी हो सकता है कि इनके पन्थ के अनुयायी अधिकांशत: उपेक्षित, दलित और अशिक्षित वर्ग के लोग ही रहे हैं। उनके लिए यह कठिन ही नहीं असम्भव भी था कि वे इनके नाम का शुद्ध उच्चारण कर सकते।

उपरोक्त तथ्यों से स्पष्ट होता है कि संत रविदास के नाम की प्रसिद्धि विभिन्न प्रान्तीय भाषाओं से प्रभावित होकर विभिन्न शब्द जैसे- रविदास, रायदास, रूईदास, रोहिदास, रोहीतास आदि संज्ञा के रूपान्तर है। जो अन्य नाम देश और काल के भेद से उन्हीं के परिवर्तित और विकसित रूप माने जा सकते हैं। काव्य-ग्रन्थों में रैदास का तत्सम रूप रविदास प्रयुक्त हुआ है, जिसे लोक प्रचलन और सुविधा की दृष्टि से अधिकांश विद्वानों ने उनका नाम रविदास ही स्वीकार किया है।।

संत रविदास का व्यक्तित्व त्याग, तपस्या से ओतप्रोत था। यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगा कि भगवान बुद्ध ने सम्पूर्ण राजपाठ और विलासिता के साधनों को छोड़कर योग, त्याग और तपस्या में अपना सम्पूर्ण जीवन विलीन कर दिया था। इसी प्रकार संत रविदास ने ज्ञान की प्राप्ति के लिए प्राचीन भारतीय परम्पराओं और मूल्यों का अनुसरण करते हुए भोग और विलासिता से दूर योग और साधना को अंगीकृत किया तथा एक कल्याणकारी समाज व्यवस्था की कल्पना में तत्कालीन समाज में विद्यमान कमियों को उल्लिखित और उद्धृत करते हुए बेहतर समाज के निर्माण की कल्पना की। आधुनिकता की अंधी दौड़ में संस्कारों की उपेक्षा करना हम सभी के लिए कष्टकारी होगा। इससे मानव मूल्यों का हृास होता है, जो सामाजिकता के लिए बहुत ही घातक है। मानव मूल्यों की रक्षा के लिए संत-महापुरुषों का इतिहास त्याग, तपस्या से भरा पड़ा है।।

‘समन्वय का संदेश’ संत रविदास के व्यक्तित्व की सार्थकता को दर्शाता है। अपनी इसी विशिष्टता के कारण वह मध्यकालीन इतिहास में मानव-समाज के प्रेरणास्रोत बने। संत रविदास के समन्वय का ढंग भी उनके अनुरूप निराला था। अपने इस समन्वय के लिए उन्होंने कभी भी किसी पक्ष के अवगुणों से समझौता नहीं किया और न ही कभी उसकी कमियों को छिपाया, बल्कि वे तो अपनी सीधी-सरल तार्किक वाणी से सत्य कहने से कभी नहीं चूके।।

भारतीय मध्य युग के इतिहास में समाज के निम्न वर्ग से उद्धत संत रविदास को समाज ने ठुकराने का दु:साहस किया, लेकिन उन्होंने उस आडम्बरपूर्ण समाज को ही ठुकराकर अपने पीछे लगा लिया। समय ने उनके सामने जो भी चुनौती रखी, उससे वे भागे नहीं, बल्कि उससे जूझे। उन्होंने एक नहीं अनेको कष्ट सहे, पर सच्चाई कहने से कभी चूके नहीं। उनका झगड़ा तो समाज को गुमराह करने वालों से था, किसी जाति, धर्म या वर्ग विशेष से नहीं। यही कारण है कि समाज के सभी वर्ग के लोग उनके अपने हुए, सभी ने उन्हें अपनाया।।

संत रविदास ने ईश्वर कृपा पाने के लिए किसी भी प्रकार के जप, तप और व्रत का पालन नहीं किया। उन्होंने अपने शरीर को किसी प्रकार का कष्ट भी नहीं दिया। उन्होंने जीवन में मध्यम मार्ग अपनाया। उन्होंने अपने मन की चंचलता को रोका और उस पर अंकुश लगाया। उन्होंने काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार को शांत कर संयमित और पवित्र जीवन बिताया। उन्होंने कुशल कर्म अपनाये और लोभ, द्वेष तथा आलस्य को त्याग कर ‘‘अत्त दीपो भव’’ को अपने जीवन में अपनाया। संत रविदास ने मनुष्य के चरित्र की पवित्रता को ही मानव कल्याण का आधार माना। यही पवित्र सन्देश बुद्ध ने भी संसार को दिया था। 

संत रविदास नि:स्वार्थ भाव से स्वयं कार्य करते और दूसरों को भी नि:स्वार्थ भाव से कार्य करने की सलाह देते थे। उनकी कथनी और करनी में कोई अन्तर नहीं था। उनके उपदेश सरल, सहज और सभी को सुलभ थे। उनका संदेश था कि बुरा काम न करे, बुरी बात न सोचे, अपनी जीविका के लिए बुरे काम का सहारा न लें। किसी भी काम को छोटा-बड़ा और किसी भी व्यक्ति को छोटा-बड़ा न समझे। किसी को भी न सतायें, प्राणी मात्र पर दया रखें और सभी को समान समझकर उससे प्रेम करें।।

संत रविदास जी की आर्थिक स्थिति

व्यवसाय के रूप में कृषि प्रमुख व्यवसाय था। जजमानी व्यवस्था सुदृढ़ रूप में विद्यमान थी। व्यवसाय का निर्धारण योग्यता के आधार पर नहीं जाति के आधार पर होता था। सामाजिक पद और प्रतिष्ठा भी जाति के आधार पर निर्धारित होती थी। सामाजिक प्रतिबन्धों और निषेधों के कारण व्यवसाय परिवर्तन किया जाना सम्भव नहीं था। आर्थिक स्थिति का निर्धारण पूर्णत: व्यावसायिक स्थिति पर निर्भर था। सामाजिक व्यवस्था इस प्रकार थी कि सम्पूर्ण समाज सामाजिक निषेधों के नियंत्रण में जकड़ा हुआ था। जिसके कारण निम्न पद वाले व्यक्ति की आर्थिक स्थिति भी निम्न ही होती थी। 

संत रविदास की आर्थिक स्थिति भी अच्छी नहीं थी परन्तु उनका स्वाभिमान, ईमानदारी और मेहनत के साथ-साथ ही आत्मबल इतना दृढ़ था कि वह भूखे रहकर भी यथा सम्भव दूसरों की मदद करते थे। कुछ साहित्यों में उल्लेख है कि संत रविदास ने किसी एक नंगे पैर व्यक्ति को पिता द्वारा मेहनत से बनाये हुए जूते दान कर दिया। जिसके कारण वह घर से निकाल दिये गये। फिर भी उन्होंने अपनी मेहनत के बल पर अपने परिवार का भरण-पोषण किया तथा समाज में विद्यमान असमानताओं के प्रति मुखर होते गए। 

संत रविदास तत्कालीन परिवेश की सामाजिक विषमताओं और असमानताओं के प्रति अधिक चिन्तित थे। आर्थिक सम्पन्नता और विपन्नता का उन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।

संत रविदास को जन्म से ही आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। उनका जन्म एक ऐसे परिवार में हुआ जो आर्थिक दृष्टि से निर्बल और दलित था। परिवार का पालन-पोषण भी बड़ी मुश्किल से चल पाता था। सम्पूर्ण भारत छोटी-छोटी रियासतों में बंटकर राजनीतिक दृष्टि से महत्वहीन हो गया था। इस राजनीतिक व्यवस्था का प्रभाव भारत की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ा। संत रविदास समाज के उस हिस्से से सम्बन्ध रखते थे जो शताब्दियों से शोषण का शिकार होकर छटपटा रहा था। इस प्रकार परिवार भी पूरी तरह से आर्थिक यातना का शिकार था। इस प्रकार मुगल शासनकाल में भारत की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ नहीं थी। वह विभिन्न रियासतों में बंटकर सिमट चुकी थी और उस पर भी आपस में लड़ाई झगड़े के कारण भारतीय अर्थव्यवस्था समाप्ति के कगार पर थी। 

ऐसे समय में अछूत कही जाने वाली जाति शूद्र को उनके जाति के आधार पर जातीय व्यवसाय अपनाना पड़ता था। इस प्रकार संत रविदास की आर्थिक दशा के विषय में वैसे ही अनुमान लगाया जा सकता है कि उनकी आर्थिक दशा कैसी रही होगी।

संत रविदास जी का राजनीतिक परिदृश्य

संत रविदास चौदहवीं शताब्दी के योग्य विचारक, समाज वैज्ञानिक व चिंतक थे। यह एक ऐसा समय था जब इस देष में मुस्लिम साम्राज्य/शासकों का साम्राज्य था। इस समय भारतवर्ष पर मुसलमानों के अत्याचारों, अनाचारों का बोलवाला था। हिन्दुओं की आँखों के सामने उनके देवालय घोषणाएँ करके गिराए जाते थे। उनके आराध्य देवताओं का अपमान किया जाता था। ऐसे समय में जनता न तो विद्रोह ही कर सकती थी और न ही वे ‘सिर झुकाए बिना’ जी ही सकती थी। अत: ऐसे समय में हृदय के आक्रोश को अपनी असहायता निराशा और दीनता से प्रभु के सम्मुख रखकर मन को शक्ति देने के अतिरिक्त और रास्ता ही क्या था?

भारत की सामाजिक दशा हिन्दू शासकों के समय से ही अव्यवस्थित थी। समाज में प्रचलित चतुर वर्ण व्यवस्था एक अभिशाप थी। जिसने समाज को संगठन की अपेक्षा विघटन की ओर अग्रसर किया। इसका परिणाम यह हुआ कि भारत विभिन्न ईकाइयों में विभक्त हो गया। इस आपसी फूट के कारण भारत में मुस्लिम साम्राज्य की नींव पड़ी। समाज में चतुर वर्ण या शूद्र कही जाने वाली इन जातियों को इस शासन व्यवस्था के परिवर्तन से अपमान और तिरस्कार की दोहरी नीति का सामना करना पडा़। एक ओर सवर्ण हिन्दू अपने अत्याचारों की श्रृंखला में मनोरंजन तक भी कभी नहीं करते, दूसरी ओर राजतंत्र ने भी चतुर वर्ण के हितों की ओर कोई ध्यान नहीं दिया। चतुर वर्ण को समाज और शासन दोनों की यातनाओं और अत्याचारों की चक्की में पिसना पड़ा। इस भीषण समस्या का समाधान समाज और राजतंत्र के पास असम्भव हो गया तो एक सामाजिक क्रान्ति ने जन्म लिया जो पुनर्जागरण या संतों का भक्ति आन्दोलन के नाम से लोकप्रिय हुआ। इस पुनर्जागरण (भक्ति आन्दोलन) के जनक संत रविदास हुए।

संत रविदास को तत्कालीन परिवेष में अनेकों समस्याओं का सामना करना पड़ा। एक बार तत्कालीन राजा सिकन्दर लोदी को संत रविदास की महिमा ज्ञात हुई तो लोदी ने उन्हें अपने दरबार में बुलाया तथा उनको धर्म परिवर्तन के लिए विवष किया। संत रविदास ने तार्किकता पूर्ण जवाब देते हुए कहा ‘‘मुझे मिटाया जा सकता है परन्तु धर्म परिवर्तन नहीं कराया जा सकता।’’ इस प्रकार संत रविदास को अनेकों राजनीतिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा परन्तु सामाजिक चेतना की भावना को जगाने में उन्हें इन कठिनाइयों की कोई परवाह नहीं थी।

रविदास की भक्ति भावना एवं साधना

ईश्वरीय शक्ति अथवा ईश्वर पर विश्वास ही ईश्वरीय भक्ति कहलाती है। इस आस्था और विश्वास का माध्यम आकार-प्रकार, स्वरूप किसी भी रूप में हो सकता है। कभी कभी ईश्वरी आस्था में तल्लीन व्यक्ति ज्ञान को प्राप्त करने में उस शिखर तक पहुँच सकता है जो सोच और सैद्धान्तिक दृष्टि से पूर्णतया उपयुक्त और वैज्ञानिकता की कसौटी पर खरा उतरता हो।

ईश्वर के प्रति आस्था और विश्वास को ईश्वरीय भक्ति के नाम से सम्बोधित किया जाता है। साहित्यिक दृष्टि से ईश्वरीय आस्था में विश्वास रखने वाले लोगों को समूह/धारा के रूप में सम्बोधित किया जाता है। सामान्यत: इसके दो रूप हो सकते हैं। (1) सगुण (2) निर्गुण। सगुण का अर्थ है वे लोग जो ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास रखते हैं परन्तु उनमें तर्क और ज्ञान का बोध है। दूसरे वे लोग जो ईश्वर के प्रति आस्था रखते हैं परन्तु उनमें ज्ञान और योग्यता का अभाव है। ऐसे लोग मात्र एक दूसरे को देखकर उसी कार्य व्यवहार को अपनाते हैं जैसा दूसरों से देखा सुना है। ऐसे लोगों में ज्ञान/तर्क का पूर्णतया अभाव होता है।

यद्यपि परम्परागत साहित्यों में सगुण और निर्गुण की अवधारणा का अर्थ यह माना जाता रहा है कि सगुण का तात्पर्य मूर्ति आकार-प्रकार से है वहीं निर्गुण का अर्थ निराकार से है परन्तु समाजषास्त्ररय सिद्धान्तों का वैज्ञानिक विश्लेषण यह स्पष्ट करता है कि सगुण का तात्पर्य उस विचारधारा से है जिसमें ज्ञान और तर्क का समावेश हो तथा निर्गुण का अर्थ अज्ञानता की उस स्थिति से है जिसमें ईश्वर पर आस्था कल्पनाओं पर आधारित है। सत्यता यह है कि ईश्वरीय आस्था का तात्पर्य उन प्राकृतिक शक्तियों से है जो स्वाभाविक रूप से नियमानुसार स्वाभाविक रूप में संचालित हो रही है। इन प्राकृतिक व्यवस्थाओं के संचालन में निश्चित रूप से कोई ऐसी शक्ति है जो व्यवस्था का संचालन स्वाभाविक रूप में करती है। उदाहरणार्थ दिन-रात का होना, सर्दी, गर्मी व बरसात का परिवर्तन आदि ऐसी स्वाभाविक घटनाएँ हैं जिससे ईश्वर के प्रति आस्था अधिक दृढ़ और प्रगाढ़ होती है। दुख्र्ाीम और काम्ट ने इसी मत का समर्थन किया है।

दुख्र्ाीम के अनुसार ‘‘साधना चेतना क्षेत्र का ऐसा पुरुषार्थ है, जिसमें सामान्य श्रम एवं मनोयोग का नियोजन भी असामान्य विभूतियों एवं शक्तियों को जन्म देता है। साधारण स्थिति में हर वस्तु तुच्छ है पर यदि उसे उत्कृष्ट बना दिया जाए, तो उससे ऐसा कुछ मिलता है, जिसे विशिष्ट और महत्वपूर्ण कहा जा सकता है।’’ मानव जीवन मोटी दृष्टि से ऐसा ही एक खिलवाड़ है। मनुष्यों के बीच पाए जाने वाले आकाष-पृथ्वी जैसे अन्तर का यही कारण नजर आता है कि जीवन की ऊपरी परतों तक ही जिन्होंने मतलब रखा, उन्हें छिलका ही हाथ लगा, किन्तु जिन्होंने गहरे उतरने की चेष्टा की, उन्हें एक के बाद एक बहुमूल्य उपलब्धियाँ मिलती चली गयीं। गहराई में उतरने को अध्यात्म की भाषा में ‘साधना’ कहते हैं।

संत रविदास की साधना न तो रहस्यवाद है, ना पलायनवाद। उसमें काया कष्ट का वैसा विधान नहीं है, जैसा कि कई अतिवादी अपना दुस्साहस दिखाकर भावुक जनों पर विशिष्टता का आतंक जमाते और उस आधार पर शोषण करते देखे गए हैं। उसमें कल्पना लोक में अवास्तविक विवरण भी नहीं है, और न उसे जादू चमत्कारों की श्रेणी में गिना जा सकता है। देवताओं को वशवर्ती बनाकर या भूत-प्रेतों की सहायता लेकर मनोकामना पूरी करने-कराने जैसी ललक लिप्सा पूरी करने जैसा भी इस विद्या में कोई आधार नहीं है।

 संत रविदास की साधना एक विशुद्ध विज्ञान है, जिसका वास्तविक आधार है- आत्मानुशासन का अभ्यास और क्षमताओं का उच्चस्तरीय प्रयोजन के लिए सफल नियोजन। जो इतना कर सकते हैं उन्हें सच्चे अर्थों में सिद्ध पुरुष कहा जा सकता है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post