यज्ञ किसे कहते है गीता के चतुर्थाध्याय के यज्ञनिरूपण-प्रकरण में यज्ञ के 15 मुख्य भेद बतलाए गये हैं

यज्ञ का भावार्थ-परमार्थ एवं उदार-कृत्य है। ‘यज्ञ’ शब्द पाणिनीसूत्र ‘यजयाचयतविच उप्रक्चरक्षो नड़्’’ में नड़् प्रत्यय लगाने पर बनता है अर्थात् यज्ञ शब्द ‘यज्’ धातु से बना है, यज् धातु के तीन अर्थ हैं- देवपूजन, दान और संगतिकरण। इस प्रकार हवि या हवन के द्वारा देवताओं का पूजन का नाम ‘यज्ञ’ है। ईश्वरीय दिव्य शक्तियों की आराधना, उपासना, उनकी समीपता, संगति तथा अपनी समझी जाने वाली वस्तुओं को उनको अर्पण करना, यह यज्ञ की प्रक्रिया है। देवगुण सम्पन्न सत्पुरुषों की सेवा एवं संगति करना तथा उन्हें सहयोग देना भी यज्ञ है।

व्यावहारिक अर्थ में इसे यों भी कह सकते हैं कि बड़ों का सम्मान, बराबर वालों से संगति, मैत्री तथा अपने से छोटों को, कम शक्ति वालों को दान या सहायता करना यज्ञ है। इस प्रकार ईश्वर उपासना, सत् तत्व का अभिवर्द्धन एवं पारस्परिक सहयोग भी यज्ञ माने जाते हैं। यों हवन के अर्थ में यज्ञ शब्द का प्रयोग तो प्रसिद्ध ही है। हवन द्वारा उपर्युक्त तीनों प्रयोजन पूर्ण होते हैं।  देवों का हवि प्रदान, वेद मंत्रों का उच्चारण, ऋत्विजों को दक्षिणा-इन तीनों कार्यों का संयोग यज्ञ कहलाता है।

विद्वान आचार्यों द्वारा सत्पात्र शिष्यों को अंग-उपांगों सहित वेदों का पढ़ाना यज्ञ है। जिस कार्य से इंद्रादि देव प्रसन्न होकर उत्तम वर्षा करें उसे यज्ञ कहते हैं। जिस अयोजन द्वारा स्वर्ग आदि सद्गति को प्राप्त करना सुलभ हो वह यज्ञ है। जिस सद् अनुष्ठान द्वारा आध्यात्मिक, आधिभौतिक तीनों प्रकार के कष्टों का निवारण हो वह यज्ञ कहा जाता है।

यज्ञ का स्वरूप 

यज्ञ का वास्तविक स्वरूप बतलाते हुए आचार्य श्रीराम शर्मा स्पष्ट करते हैं कि ‘‘अध्यात्म और विज्ञान का प्रत्यक्ष माध्यम यज्ञ है। आत्मसंयम की तपश्चर्या और भावनात्मक केंन्द्रीकरण की योग-साधना का समन्वय ब्रह्मविद्या कहलाता है। उसे अध्यात्म विज्ञान का भावपक्ष कह सकते हैं। द्वितीय क्रिया पक्ष यज्ञ है।’’

‘यज्ञ विश्व बह्माण्ड’ की नाभि है- इसका तात्पर्य है कि ब्रह्माण्ड के सूक्ष्म तत्वों का पोषण एवं विकास यज्ञ से ही सम्भव है। इसी तथ्य को स्वीकार करते हुए आचार्य शर्मा का विवेचन है कि मनुष्य अनेक सूक्ष्म तत्त्वों को ब्रह्माण्ड से निरन्तर ग्रहण करता है, अत: मनुष्य का भी कर्तव्य है कि वह भी ब्रह्माण्ड का यह ऋण चुकाए। यह कथन अतिशयोक्तिपूर्ण नहीं है कि ‘ यज्ञ समश्टि जगत का पालनकर्ता है, क्योंकि यज्ञ का संबंध ब्रह्माण्ड से है। अत: ब्रह्माण्ड की दिव्यशक्तियों का अभ्युदय यज्ञ से ही संभव वस्तुत: अग्नि ‘यज्ञ’ का उपचार स्वरूप है, परन्तु वह अध्यात्म अर्थात् चेतन जगत का अत्यन्त प्रभाव शाली ऊर्जा केंद्र भी है। यज्ञ से ही व्यक्ति सूक्ष्म जगत से सम्पर्क करने में समर्थ होता है। अत: यज्ञ महत्वपूर्ण है। ऋषियों ने यज्ञीय ऊर्जा के सम्बन्ध में विशद अनुसंधान किया था। 

यज्ञ शब्द के तीन अर्थ हैं दान, देवपूजन, संगतिकरण। इन्हें प्रकारांतर से उदारता, उत्कृष्टता एवं सहकारिता की दिशाधारा कहा जा सकता है। यज्ञीय दर्शन को जीवन में उतारने वाला कोई भी व्यक्ति इसी जीवन में स्वस्थ, समृद्ध, एवं सुसंस्कृत रह सकता है। ऐसे व्यक्ति को आंतरिक प्रसन्नता एवं बाह्य प्रफुल्लता का अभाव नहीं रहता। यज्ञकृत्य कराने और सम्मिलित होने वालों को प्रत्येक विधि-विधान की व्याख्या करते हुए यह समझाया जाता है कि उनका चिंतन और चरित्र, दृष्टिकोण एवं व्यवहार निरन्तर उत्कृष्टता की ओर बढ़ता रहे। उद्गाता यही गाते हैं, अध्वर्यु यही सिखाते हैं, ब्रह्मा इसी की योजना बनाते हैं और आचार्य को ऐसी व्यवस्था बनानी होती है कि इसी प्रकार का भाव उस समूचे वातावरण पर छाया रहे। 

यज्ञ के प्रकार

गीता के चतुर्थाध्याय के यज्ञनिरूपण-प्रकरण में यज्ञ के 15 मुख्य भेद बतलाए गये हैं। यदि इनकी विभिन्न शाखाओं की गणना की जाय, तो यज्ञ क्षेत्र को ‘अनन्त’ कहकर ही विश्राम करना पड़ेगा। अतएव हम इन भेदों की ओर न जाकर यज्ञकर्म के मुख्य शास्त्र कल्प और उसके विद्वानों की परम्परा की ओर ही ध्यान देकर कुछ उपयोगी विचार उपस्थित करते हैं।  उक्त याज्ञिक विचार से यज्ञ की श्रौत (वैदिक) स्मार्त (तांत्रिक) और पौराणिक (मिश्र) ये तीन मुख्य शैलियाँ हैं।
  1. श्रौतयज्ञ
  2. स्मार्त यज्ञ
  3. पौराणिक यज्ञ
1. श्रौतयज्ञ - श्रुति अर्थात दवेद के मंत्र और ब्राह्मण नाम के दो अंश हैं। इन दोनों में या दोनों में से किसी एक में सांगोपांग रीति से वर्णित यज्ञों को श्रौतयज्ञ कहते हैं। श्रौत कल्प में ‘यज्ञ’ और होम दो शब्द हैं। जिसमें खड़े होकर वषट् शब्द के द्वारा आहुति दी जाती है और याज्या पुरोनुवाक्य नाम के मंत्र पढ़े जाते हैं, वह कार्य ‘यज्ञ’ माना जाता है। जिसमें बैठकर स्वाहा शब्द के द्वारा आहुति दी जाती है यह होम कहा जाता है। श्रौतयज्ञ-इष्टियाग, पशुयाग और सोमयाग इन नामों से मुख्यतया तीन भागों में विभक्त है। श्रौतयज्ञों के विधान की एक स्वतंत्र परम्परा है, उस प्रयोग परम्परा का जिस कार्य में पूर्णतया उल्लेख हो उसे ‘प्रकृतिक याग’ कहते हैं और जिस कार्य में विशेष बातों का उल्लेख और शेष बातें प्रकृतियाग से जानी जायें उसे विकृतियाग कहते हैं। अतएव श्रौतयज्ञों के तीन मुख्य भेदों में क्रमश: दर्शनपूर्णमासेष्टि, अग्रीपोमीय पशुयाग और ज्योतिष्टोम सोमयाग के प्रकृतियाग हैं। अर्थात् इन कर्मों में किसी दूसरे कर्म से विधि का ग्रहण नहीं होता हैं इन प्रकृतियागों के जो धर्म ग्राही विकृतियाग है वे अनेक हैं। उनकी इयत्ता का संकलन भिन्न-भिन्न शाखाओं के श्रौतसूत्रों में किया गया है। यहाँं उनका बिना परिचय के नाम गिनाना अनुपयुक्त और अरोचक होगा। अत: श्रौत यज्ञ का सर्व सामान्य परिचय इस प्रकार समझना चाहिए।

श्रौतयज्ञ-आहवनीय, ग्रार्ह्यपत्य, दक्षिणाग्नि इन तीन अग्नियों में होते हैं इसलिए उन्हें त्रेताग्नियज्ञ भी कहते हैं। प्राय: सभी श्रौत यज्ञों में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष ढंग से कम या अधिक रूप से तीनों ही वेदों के मंत्रों का उच्चारण होता है, अत: श्रौत यज्ञ ‘त्रयी’ साध्य हैं। इनमें यजमान स्वयं शरीर क्रिया में उतना व्यस्त नहीं रहता जितनें अन्य ब्राह्मण जिन्हें ऋत्विज कहते हैं वे कार्य संलग्न रहते हैं।

2. स्मार्त यज्ञ - इनका श्रौत सूत्र कारों ने पाक यज्ञ तथा एकाग्नि शब्द से व्यवहार किया है। इनके मुख्यतया हुत, आहुत और प्रतिशत ये चार भेद है- जिन कार्यों में अग्नि में किसी विहित द्रव्य का हवन होता हो, वह हुत यज्ञ है। जिससे हवन न होता हो केवल किसी क्रिया का करना मात्र हो वह अहुत यज्ञ है। जिसमें हवन और देवताओं के उद्देश्य से द्रव्य का ‘बलि’ संज्ञा से त्याग हो, वह हुत यज्ञ है और जिसमें भोजन मात्र ही हो वह प्रतिशत यज्ञ है।

स्मार्त यज्ञ का आधार भूत अग्नि शास्त्रीय और लौकिक दोनों प्रकार होता है। शास्त्रीय अर्थात् आधान विधि के द्वारा स्वीकृत अग्नि औपासन, आवसथ्य, गृह्य, स्मार्त आदि शब्दों से कहा जाता है। इस अग्नि में जिसने उसको स्वीकार किया है, उसके सम्बन्ध का ही हवन हो सकता है। साधारण अग्नि लौकिक अग्नि है। इसे संस्कारों द्वारा परिशोधित भूमि में स्थापित करके भी स्मार्त यज्ञ होते हैं। स्मार्त यज्ञों की संख्या श्रौत यज्ञों की भांति अत्यधिक नहीं है। इन यज्ञों की विधि और इयत्ता बताने वाले ग्रन्थ को ‘गृह्यसूत्र‘ या स्मार्त सूत्र कहते हैं। पंचमहायज्ञ, शोडसंस्कार और औध्वदैहिक (प्रचलित मृत्यु के बाद की क्रिया) प्रधानतया स्मार्त हैं। स्मृति ग्रन्थों में उपदिष्ट कार्य जिनका (विनायक शांति आदि का) पूर्ण विधान उपनध गृह्यसूत्रों में नहीं मिलता है, वे भी याज्ञिकों की परम्परा में स्मार्त ही कहलाते हैं। स्मार्त यज्ञ में प्राय: अकेला व्यक्ति भी कार्य कर सकता है। हवन वाले कार्यों में एक ब्रह्मा की तथा भोजनादि में अनेक व्यक्तियों की आवश्यकता होती है। गृह्यसंस्कार ने स्मार्त यज्ञों में यजमान ब्रह्म और आचार्य (नामभेद) इन तीन की आवश्यकता बताई है।

इस समय शास्त्रीय अग्नि वाले कार्य प्राय: अग्नि वाले कार्य प्राय: लुप्त से हो गये हैं, क्योंकि इनमें भी अग्निरक्षा आदि का कार्य आजकल की प्रवृत्ति के अनुकूल नहीं बैठ पाता। जिनमें लौकिक अग्नि का ग्रहण है वे संस्कार, उपाकर्म, अन्तेष्टि आदि प्रचलित हैं पर वे भी गिनी चुनी संख्या में हैं स्मार्त यज्ञों में मानव के नैतिक गुणों के विकास का फल अधिक है। आज की बढ़ती हुई अनैतिकता में हमारे लिए भी एक कारण हो।

3. पौराणिक यज्ञ - श्रुति स्मृति कथित कार्यों के अधिकारी अनाधिकारी सभी व्यक्तियों के लिए पौराणिक कार्य उपयोगी है। आज कल इन्हीं का प्रचार और प्रसार है। पौराणिक कार्यों में यज्ञ शब्द का प्रयोग कल्प सूत्रकारों की याज्ञिक दृष्टि से उपयुक्त नहीं है। परन्तु गीता के व्यापक क्षेत्र से इनके लिए भी ‘यज्ञ’ शब्द का व्यवहार होता है। अतएव पौराणिक यज्ञों को हवन, दान, पुनरक्षण, शान्तिकर्म, पौष्टिक, इष्ट पूर्त्त व्रत, सेवा, आदि के रूप से अनेक श्रेणियों में विभक्त किया गया है। जिन जातियों को वेद के अध्ययन का अधिकार है, वे पौराणिक यज्ञों को वेदमंत्रों सहित करते हैं और जिन्हें वेद का अधिकार नहीं है, उनको पौराणिक मंत्रों से ही करते हैं। हमने भी सभी वर्गों की उपयोगिता की दृष्टि से इनका यह निर्देश किया है।

पौराणिक यज्ञों का विस्तार अधिक है, अतएव यहाँ इनका पृथक-पृथक विवेचन करना संभव नहीं हो सकता। साधारणतया पौराणिक यज्ञों में गणपति पूजन, पण्याहवाचन, शोडशमातृका पूजन, वसोर्धारा पूजन, नान्दी श्राद्ध, इन पांच स्मार्त अंगों के साथ ग्रहयाग प्रधानपूजन आदि विशेष रूप से होता है। इन यज्ञों में लौकिक हजारों तक कार्यक्षम व्यक्ति कार्य के अनुसार ‘ऋत्विज्’ बनाए जा सकते हैं। पौराणिक यज्ञों के विस्तार में न जाकर यहाँ संक्षेप में श्रुति प्रतिपादित यज्ञों का परिचय दिया जा रहा है। यों तो यज्ञ के अंसख्य भेद अर्थात प्रकार शास्त्रों में वर्णित हैं। उन सबका केवल नामोल्लेख भी इस छोटे से लेख में नहीं किया जा सकता, तो उनके स्वरूप का वर्णन, उसके अनुष्ठान के प्रकार एवं अवान्तर अंग-उपांग आदि का संक्षेपत: भी वर्णन यहां किस तरह किया जा सकता है। कई यज्ञ तो ऐसे हैं, जिनके अनुष्ठान का न तो आज तक कोई अधिकारी ही है न अनेक कारणों से उसका अनुष्ठान किया ही जा सकता है। जैसे भगवान अनन्त, अपार हैं, वैसे ही उनके स्वरूप भूत वेद तथा तत्प्रतिद्यात यज्ञ की महिमा भी आनन्द अपार है।

यज्ञ के विविध प्रकार 

श्रुति में वैदिक कर्मों के पांच विभाग बतलाये गये हैं- 
  1. अग्निहोत्र
  2. दर्श-पूर्णमास, 
  3. चातुर्मास 
  4. पशु, 
  5. सोम। 
स्मृति में यज्ञों का विभाग निम्न प्रकार से किया है- 
  1. पाकयज्ञ संस्था, 
  2. हविर्यज्ञ संस्था,
  3. सोम संस्था। 
पाक यज्ञ सस्था में- 
  1. औपासन होम,
  2. वैश्वदेव, 
  3. पार्वण 
  4. अष्टका, 
  5. मासिश्राद्ध, 
  6. श्रावणा, 
  7. शूलयण, 
  8. चातुर्मास, 
  9. निरूढ पशु बन्ध, 
  10. सौत्रायणि और 
  11. पिण्डपितृयज्ञ हैं। 
सोम संस्था में 
  1. अग्निष्टोम, 
  2. अत्यग्निष्टोम 
  3. उक्थ्य, 
  4. शोडशी, 
  5. वाजपेय, 
  6. आतिरात्र और 
  7. अप्तोर्याम का समावेश होता है। 
इस तरह ‘‘गौतम धर्मसूत्र‘‘ में श्रौतस्मार्त कर्मों की संख्या मिलाकर 21 यज्ञ बतलाये हैं। इनमें पाकयज्ञ संख्याओं का निरूपण गृह्यसूत्रों एवं ब्राह्मणात्मक देवभाग में किया गया है।

इस तरह श्रौत-स्मार्त यज्ञों में से कुछ का नाम निर्देशमात्र ऊपर किया गया है। इसका संक्षिप्त विवरण लिखने में एक वृहत् ग्रन्थ लिखना पड़ जायेगा। इन यज्ञों के अतिरिक्त बहुत से पौराणिक, तांत्रिक एवं आगमोक्त यज्ञ हैं, जैसे कि 
  1. विष्णुयाग, 
  2. रुद्रयाग, 
  3. महारुद्र, 
  4. अतिरुद्र, 
  5. गणेशयाग, 
  6. चण्डयाग, 
  7. गायत्री-याग, 
  8. सूर्ययाग, 
  9. विनायकशांति, 
  10. ग्रहशांति, 
  11. अद्भुतशांति, 
  12. महाशांति, 
  13. ऐन्द्रीशांति, 
  14. लक्षहोम, 
  15. कोटिहोम, 
  16. वैष्णवेष्टि, 
  17. वैभवीष्टि, 
  18. पाद्यी, 
  19. ईष्टि, 
  20. नारायणी, 
  21. वारूदेवी, 
  22. गारूढी, 
  23. वैवूही, 
  24. पावमानी, 
  25. आनन्ती, 
  26. वैश्वक्सेनी, 
  27. सौदर्शनी, 
  28. पवित्रष्टि, 
आदि अनेक यज्ञों का विधान पाया जाता है। प्रत्येक गृहस्थ के लिए परमावश्यक नित्य कर्तव्य उन पांच महायज्ञों में से एक भी आज विरल आचरण देखने में आता है, जिनके न करने में दोष बतलाया गया है। ये पांच महायज्ञ हैं- 
  1. ब्रह्मयज्ञ, 
  2. पितृयज्ञ, 
  3. देवयज्ञ, 
  4. भूतयज्ञ और 
  5. मनुष्य यज्ञ 
इन्हीं के आहुत, हुत, प्रहुत, ब्रह्महुत और प्राशित नाम बतलाये गये हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post